दिल्ली की हवा हुई और जहरीली, 2026 में प्रदूषण ने तोड़ा तीन साल का रिकॉर्ड, CSE रिपोर्ट में खुलासा

दिल्ली-एनसीआर में 2026 की सर्दियों की शुरुआत के साथ वायु प्रदूषण गंभीर हो गया है. CSE रिपोर्ट के मुताबिक, दिवाली से पहले PM2.5 का स्तर तीन वर्षों में सबसे ज्यादा दर्ज हुआ.

X/@airnewsalerts
Sagar Bhardwaj

दिल्ली-एनसीआर में 2026 की सर्दियों की शुरुआत के साथ ही हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है. अक्टूबर से नवंबर के मध्य तक प्रदूषण का स्तर पिछले वर्षों के मुकाबले काफी ज्यादा दर्ज किया गया. पर्यावरण के क्षेत्र में काम करने वाली संस्था सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) की ताजा रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है.

CSE की रिसर्च एंड एडवोकेसी एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुमिता रॉयचौधरी के मुताबिक, दिवाली के दौरान प्रदूषण हर साल बढ़ता है, लेकिन इस बार त्योहार से पहले ही हवा में प्रदूषक कणों की मात्रा काफी ज्यादा थी. इससे पता चलता है कि इस साल प्रदूषण का शुरुआती स्तर ही पिछले वर्षों से अधिक रहा.

तीन साल में सबसे ज्यादा PM2.5 का स्तर

CSE की रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में दिवाली से पहले वाले सप्ताह में PM2.5 का औसत स्तर 236 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर (µg/m³) दर्ज किया गया. यह पिछले तीन वर्षों का सबसे ऊंचा स्तर है.


इसकी तुलना 2025 से करें तो इस साल PM2.5 का स्तर 97 फीसदी अधिक रहा. वहीं, 2024 में दर्ज 179 µg/m³ के मुकाबले इसमें 32 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.

यह विश्लेषण केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के एयर क्वालिटी डेटा, भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के प्रदूषण स्रोतों से जुड़े आंकड़ों और टॉमटॉम के ट्रैफिक डेटा के आधार पर किया गया है.

वाहनों का धुआं प्रदूषण की बड़ी वजह

CSE की डिप्टी प्रोग्राम मैनेजर शरणजीत कौर के अनुसार, 2026 में सर्दियों से पहले दिल्ली का प्रदूषण स्तर आमतौर पर 2025 से ज्यादा रहा. सितंबर के आखिर में बारिश के कारण इसमें कुछ समय के लिए राहत जरूर मिली, लेकिन दिवाली से पहले प्रदूषण तेजी से बढ़ गया.

रिपोर्ट में बताया गया है कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण के स्थानीय स्रोतों में वाहनों से निकलने वाला धुआं सबसे बड़ी वजह बना हुआ है. ट्रैफिक जाम के आंकड़े भी इसकी पुष्टि करते हैं. यानी सड़कों पर वाहनों की भीड़ लोगों को लगातार जहरीली हवा के संपर्क में ला रही है.

पराली और पटाखे ही नहीं, पूरे साल के उपाय जरूरी

अनुमिता रॉयचौधरी का कहना है कि प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों पर लगाम लगाने के लिए सालभर किए गए प्रयास पर्याप्त साबित नहीं हुए. अगर सर्दियों की शुरुआत में हवा साफ होती और पराली जलाने तथा पटाखों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण रहता, तो मौसम में बदलाव के बावजूद हालात इतने गंभीर नहीं होते.

रिपोर्ट के मुताबिक, BS-VI से पुराने वाहनों पर लगाई गई आपातकालीन पाबंदियां भी ट्रैफिक और प्रदूषण कम करने में कारगर नहीं रहीं. इस दौरान पराली के धुएं की हिस्सेदारी बढ़ी, लेकिन खेतों में आग लगाने की घटनाएं कम होने के बावजूद प्रदूषण गंभीर बना रहा.