menu-icon
India Daily

स्वतंत्रता दिवस पर CM पुष्कर धामी ने दी शुभकामनाएं, स्वतंत्रता सेनानियों को किया याद

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है. केंद्र सरकार की सहायता से दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं पर काम चल रहा है.

antima
Edited By: Antima Pal
स्वतंत्रता दिवस पर CM पुष्कर धामी ने दी शुभकामनाएं, स्वतंत्रता सेनानियों को किया याद
Courtesy: Pinterest

देहरादून: स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों, अमर शहीदों, वीर-वीरांगनाओं और राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि हमारा प्रदेश अपनी वीरता, सैन्य परंपरा और राष्ट्रभक्ति के लिए हमेशा जाना जाता है.

स्वतंत्रता दिवस पर CM पुष्कर धामी ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है. केंद्र सरकार की सहायता से दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं पर काम चल रहा है. औद्योगिक विकास और निवेश बढ़ाने के लिए तीस से अधिक नई नीतियां लागू की गई हैं. इससे प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं.

स्वतंत्रता सेनानियों को किया याद

सीमावर्ती क्षेत्रों को विशेष महत्व देते हुए मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना और वाइब्रेंट विलेज योजना चलाई जा रही हैं. स्थानीय उत्पादों को दुनिया भर में पहचान दिलाने के लिए 'हाउस ऑफ हिमालयाज' ब्रांड शुरू किया गया है. सेब, कीवी, ड्रैगन फ्रूट मिशन और सुगंधित फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि किसान आर्थिक रूप से मजबूत हो सकें.

उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है. सख्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून भी लागू किए गए हैं. भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने से पिछले पांच वर्षों में सरकारी नौकरियों में चौंतीस हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति मिली है. दून विश्वविद्यालय में हिंदू अध्ययन केंद्र की स्थापना की गई है और नई शिक्षा नीति को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है. राज्य को पूर्ण साक्षर घोषित किया जा चुका है.

पर्यटन क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है. इस वर्ष चारधाम यात्रा में सैंतालीस लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे. कांवड़ यात्रा में करीब पांच करोड़ शिवभक्त शामिल हुए. कैलास मानसरोवर यात्रा और शीतकालीन पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने के लक्ष्य की ओर लगातार काम कर रही है. सभी प्रदेशवासियों को मिलकर आगे बढ़ना चाहिए ताकि हमारा राज्य और मजबूत बने.