जनसुनवाई में CM धामी का अधिकारियों को संदेश, बोले- शिकायतों का सिर्फ कागजों पर न हो समाधान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसुनवाई में अधिकारियों को लोगों की शिकायतों का समय पर समाधान करने के निर्देश दिए.

X
Ashutosh Rai

देहरादून में सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अलग-अलग इलाकों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं. सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेंशन और रोजगार से जुड़े मामले उनके सामने रखे गए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जल्द कार्रवाई करने और लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से बचाने के निर्देश दिए.

जनसमस्याओं का समय पर समाधान जरूरी

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला या विभागीय स्तर पर हो सकता है, उन्हें शासन स्तर पर बेवजह लंबित न रखा जाए. उन्होंने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन और रोजगार से जुड़ी शिकायतों पर प्राथमिकता से काम करने को कहा. धामी ने कहा कि लोगों की समस्याएं सुनना और उनका समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है. अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि आम लोगों को अपने छोटे-बड़े काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. सरकार सीएम हेल्पलाइन 1905 और जनसुनवाई जैसे माध्यमों को भी मजबूत कर रही है.

‘कागजी खानापूर्ति नहीं, लोगों को मिले असली राहत’

धामी ने जनसुनवाई में मिली शिकायतों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि किसी शिकायत पर कार्रवाई सिर्फ रिपोर्ट बनाने या कागजी प्रक्रिया पूरी करने तक नहीं रहनी चाहिए. संबंधित व्यक्ति को वास्तव में राहत मिली या नहीं, इसकी भी जांच होनी चाहिए. उन्होंने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम और सेवा संकल्प अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि प्रशासन को जनता के बीच पहुंचकर समस्याएं सुननी चाहिए. सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है, जिसमें स्वास्थ्य, जनभागीदारी और सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम होंगे.


ताइक्वांडो खिलाड़ियों से मिले मुख्यमंत्री

जनसुनवाई के दौरान थाईलैंड में हुई 9वीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की. 31 जुलाई से 2 अगस्त तक पटाया, चोनबुरी में हुई प्रतियोगिता में मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल ने स्वर्ण पदक जीते. मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक हासिल किया. मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके आगे के खेल सफर के लिए शुभकामनाएं दीं.