देहरादून में CM धामी ने निकाली ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा, बोले- एकता और अखंडता की रक्षा हमारा संकल्प

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में हर घर तिरंगा यात्रा में हिस्सा लेकर लोगों से घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की. उन्होंने राष्ट्र की एकता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प दोहराया.

@pushkardhami
Sagar Bhardwaj

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के गांधी पार्क में आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा में हिस्सा लिया. हजारों लोगों के साथ उन्होंने गांधी पार्क से घंटाघर तक तिरंगा यात्रा की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और देशभक्ति की भावना को मजबूत बनाए रखने की अपील की.

बडोनी और अंबेडकर को दी श्रद्धांजलि

यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने घंटाघर पहुंचकर उत्तराखंड आंदोलन के प्रमुख नेता स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए. धामी ने कहा कि तिरंगा केवल एक राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के गौरव, सम्मान और आत्मसम्मान का प्रतीक है.

 ‘एकता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प’

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया. उन्होंने कहा कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए देशवासियों को हमेशा प्रतिबद्ध रहना चाहिए. धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के आर्थिक और तकनीकी रूप से आगे बढ़ने का भी उल्लेख किया.


 सेना के पराक्रम का किया जिक्र

धामी ने कहा कि भारतीय सेना का मनोबल लगातार मजबूत हुआ है और सर्जिकल स्ट्राइक तथा ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों ने देश की सामरिक क्षमता को दुनिया के सामने प्रदर्शित किया. उन्होंने उत्तराखंड को ‘देवभूमि’ के साथ ‘वीरभूमि’ बताते हुए कहा कि राज्य के अनेक परिवारों के सदस्य देश की सीमाओं की सुरक्षा में योगदान दे रहे हैं.

विकास के आंकड़े गिनाए

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है. उनके अनुसार पिछले एक वर्ष में राज्य की GSDP में 7.23 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई संपर्क को मजबूत करने पर काम कर रही है.

रोजगार और स्वरोजगार पर सरकार का जोर

धामी ने दावा किया कि राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 1,750 से ज्यादा पहुंच गई है. उन्होंने कहा कि पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं. मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति के जरिए युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास भी जारी है.