Commonwealth Games 2026

उत्तराखंड में बारिश का कहर, सीएम धामी ने राहत-बचाव तेज करने के दिए निर्देश

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं.

X
Ashutosh Rai

उत्तराखंड के कई हिस्सों में लगातार हो रही तेज बारिश के बीच राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को हर स्थिति पर नजर रखने, राहत कार्य तेज करने और जरूरी सेवाओं को बिना देरी बहाल करने के निर्देश दिए हैं.

बारिश के बीच प्रशासन को दिए सख्त निर्देश

प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन और आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन के साथ स्थिति की समीक्षा की. मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि किसी भी जिले में भारी बारिश, भूस्खलन, सड़क बंद होने या अन्य आपात स्थिति की जानकारी मिलते ही प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राहत और बचाव दल हर समय तैयार रहें ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तुरंत मदद मिल सके. राज्य सरकार चाहती है कि किसी भी प्रभावित परिवार को सहायता मिलने में देरी न हो और सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें.

सड़क, बिजली और चारधाम यात्रा पर खास नजर

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगर बारिश की वजह से सड़क, बिजली, पेयजल या संचार सेवाएं प्रभावित होती हैं तो उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द बहाल किया जाए. खास तौर पर चारधाम यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी करने को कहा गया है, इन रास्तों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुजर रहे हैं. उन्होंने संबंधित विभागों से कहा कि जहां भी रास्ता बंद हो, वहां मशीनें और टीमें तुरंत भेजी जाएं. साथ ही यात्रियों को सही और समय पर जानकारी दी जाए ताकि वे सुरक्षित यात्रा कर सकें और किसी परेशानी का सामना न करना पड़े.


लोगों से सावधानी बरतने की अपील

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों और उत्तराखंड आने वाले सभी यात्रियों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी कारण यात्रा करने से बचें. भूस्खलन वाले इलाकों, तेज बहाव वाले नदी-नालों और जोखिम वाले स्थानों के पास न जाएं. अगर कहीं कोई परेशानी या आपात स्थिति दिखाई दे तो तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पूरी तरह तैयार है और सभी संबंधित विभाग 24 घंटे अलर्ट पर हैं, ताकि किसी भी चुनौती का समय रहते सामना किया जा सके.