चारधाम जाने वालों के लिए बड़ी राहत, बदरीनाथ-केदारनाथ यात्रा जारी; लेकिन इन 9 सड़कों पर अब भी लगा ब्रेक

उत्तराखंड में बदरीनाथ और केदारनाथ यात्रा फिलहाल सुचारू रूप से जारी है. रुद्रप्रयाग में मौसम बादलों और कोहरे से घिरा रहा, जबकि बीते 24 घंटे में हल्की बारिश दर्ज की गई.

Pinterest
Reepu Kumari

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है. बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की यात्रा सामान्य रूप से जारी है. रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार सुबह मौसम कोहरे और बादलों से घिरा रहा, लेकिन यात्रा संचालन पर इसका कोई बड़ा असर नहीं पड़ा. प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है. जिला प्रशासन की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, प्रमुख सड़क मार्गों पर यातायात सामान्य बना हुआ है. हालांकि कुछ ग्रामीण संपर्क मार्ग अभी भी बंद हैं, जिन्हें जल्द खोलने का प्रयास किया जा रहा है. प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और मार्ग संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील की है.

मौसम और बारिश की स्थिति

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की सुबह 7:50 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, रुद्रप्रयाग में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बीते 24 घंटे में रुद्रप्रयाग तहसील में 2 मिमी और जखोली क्षेत्र में 5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि ऊखीमठ में वर्षा दर्ज नहीं की गई.

नदियों का जलस्तर सामान्य

जिले की सभी प्रमुख नदियां फिलहाल सामान्य स्तर पर बह रही हैं. अलकनंदा नदी का जलस्तर 624.88 मीटर, मंदाकिनी 623.52 मीटर, गंगानगर 799.68 मीटर और गौरीकुंड 1974.85 मीटर दर्ज किया गया. प्रशासन के अनुसार सभी नदियां चेतावनी स्तर और खतरे के निशान से नीचे हैं, इसलिए बाढ़ जैसी कोई स्थिति फिलहाल नहीं है.


किन सड़कों पर अभी भी असर

राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य मार्ग पर यातायात सामान्य बना हुआ है. हालांकि लोक निर्माण विभाग की दो सड़कें, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की छह सड़कें और एनपीसीसी की एक सड़क अभी भी बंद हैं. संबंधित विभाग इन मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के लिए लगातार काम कर रहे हैं.

यात्रा सामान्य, प्रशासन सतर्क

श्री केदारनाथ यात्रा बिना किसी बाधा के जारी है और श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य बनी हुई है. बदरीनाथ धाम की यात्रा भी सुचारू रूप से संचालित हो रही है. जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को किसी भी संभावित प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं.

आपात स्थिति में तुरंत दें सूचना

प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि कहीं सड़क अवरुद्ध होने, दुर्घटना या किसी अन्य आपदा जैसी स्थिति दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दें. इससे राहत और बचाव कार्य समय पर शुरू किया जा सकेगा तथा यात्रा सुरक्षित बनी रहेगी.