हरिद्वार: अर्द्धकुंभ-2027 की तैयारियों के साथ-साथ कांवड़ यात्रा को भव्य और निर्विघ्न कराने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. मंगलवार को सीसीआर में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में सीएम धामी ने कहा कि 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए. यात्रा से जुड़ी हर तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा राज्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को शिवभक्तों के भव्य स्वागत, अच्छी भंडारा व्यवस्था और बेहतर यातायात प्रबंधन के निर्देश दिए.
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि महिला पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाए. हेल्प डेस्क को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए ताकि महिला श्रद्धालु किसी भी समस्या में तुरंत मदद पा सकें.
हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत लगभग 235 करोड़ रुपये की चार बड़ी आधारभूत परियोजनाओं का भूमिपूजन और शिलान्यास भी किया गया. इन परियोजनाओं से घाटों को और बेहतर बनाया जाएगा, जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी.
सीएम धामी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि अत्यधिक ऊंची कांवड़ और निर्धारित लिमिट से ज्यादा आवाज वाले डीजे वाहनों पर सख्त नजर रखी जाए. जो लोग कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या भ्रामक खबरें चलाने वालों पर भी पुलिस पैनी नजर रखेगी. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए हर स्तर पर अलर्ट रहें.