menu-icon
India Daily

UK Jail में बंद उत्तराखंड के कैप्टन अजय पंत को लेकर बड़ा अपडेट, भारतीय उच्चायोग ने बताई पूरी स्थिति

ब्रिटेन में न्यायिक हिरासत में रखे गए उत्तराखंड निवासी कैप्टन अजय पंत की स्थिति पर भारतीय उच्चायोग लगातार नजर बनाए हुए है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों के बीच उन्हें कानूनी और कांसुलर सहायता सुनिश्चित की जा रही है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
UK Jail में बंद उत्तराखंड के कैप्टन अजय पंत को लेकर बड़ा अपडेट, भारतीय उच्चायोग ने बताई पूरी स्थिति
Courtesy: social media

ब्रिटेन में हिरासत में लिए गए उत्तराखंड के कैप्टन अजय पंत को लेकर नई जानकारी सामने आई है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सतत प्रयासों के बाद लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने उनकी स्थिति पर विस्तृत अपडेट साझा किया है. उच्चायोग ने उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और कानूनी अधिकारों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही है.

भारतीय उच्चायोग की सक्रिय पहल

मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी गई जानकारी के अनुसार, भारतीय उच्चायोग लगातार इस मामले की निगरानी कर रहा है. उच्चायोग ने बताया कि कैप्टन अजय पंत फिलहाल ब्रिटेन की एचएमपी विनचेस्टर जेल में न्यायिक हिरासत में हैं. 19 जून 2026 को जेल की टेलीफोन व्यवस्था के माध्यम से उनसे संपर्क स्थापित किया गया. इस बातचीत का उद्देश्य उनकी स्थिति की जानकारी लेना और यह सुनिश्चित करना था कि उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं.

स्वास्थ्य और परिवार से संपर्क

उच्चायोग के अधिकारियों से बातचीत में कैप्टन अजय पंत ने बताया कि उनकी तबीयत ठीक है और जेल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाएं उन्हें मिल रही हैं. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उनका अपनी पत्नी के साथ नियमित संपर्क बना हुआ है. इससे परिवार और प्रशासन दोनों को राहत मिली है. अधिकारियों का कहना है कि उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी आवश्यकता की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके.

ब्रिटिश अधिकारियों से उठाया गया मामला

भारतीय उच्चायोग ने इस मामले को ब्रिटेन के विदेश, राष्ट्रमंडल एवं विकास कार्यालय (FCDO) के समक्ष भी उठाया है. उच्चायोग ने आग्रह किया है कि कैप्टन पंत को समय पर कांसुलर सहायता प्रदान की जाए और उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा कानूनी अधिकारों की पूरी तरह रक्षा सुनिश्चित की जाए. यह कदम भारतीय नागरिक के हितों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

परिवार और कानूनी सहायता पर फोकस

उच्चायोग ने बताया कि वह कैप्टन पंत की पत्नी, उनके नियोक्ता एनर्जियोस मैरीटाइम प्राइवेट लिमिटेड, कानूनी प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ लगातार संपर्क में है. कंपनी ने भी कैप्टन पंत को पूर्ण कानूनी सहायता देने और उनके परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है. मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, राज्य सरकार भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित कर रही है.