देहरादून: उत्तराखंड सरकार की आज होने वाली कैबिनेट बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित होने वाली इस बैठक में कई बड़े फैसलों पर चर्चा होने की संभावना है. जानकारी के अनुसार कैबिनेट बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कार्मिक, गृह, पर्यटन और ऊर्जा विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को एजेंडे में शामिल किया जा सकता है. इन विभागों से संबंधित योजनाओं और प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है.
प्रदेश सरकार नौ मार्च से गैरसैंण के भराड़ीसैंण में विधानसभा का बजट सत्र आयोजित करने जा रही है. ऐसे में बजट सत्र से पहले होने वाली यह बैठक सरकार के लिए काफी अहम मानी जा रही है. माना जा रहा है कि विधानसभा में पेश किए जाने वाले कई विधेयकों और प्रतिवेदनों को कैबिनेट की स्वीकृति मिल सकती है. बैठक का सबसे महत्वपूर्ण विषय समान नागरिक संहिता संशोधन विधेयक माना जा रहा है. इस विधेयक में कई अपराधों के लिए दंड अवधि तय करने जैसे प्रावधान शामिल हैं. सरकार पहले ही इस संशोधन को स्वीकृति दे चुकी है और अब इसे विधानसभा में पेश करने के लिए कैबिनेट की औपचारिक मंजूरी ली जा सकती है.
वित्तीय वर्ष 2026 27 के लिए तैयार किए गए बजट को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हो सकती है. राज्य सरकार आगामी विकास योजनाओं और जनहित परियोजनाओं के लिए बजट का खाका तैयार कर रही है. ऐसे में इस बैठक में बजट प्रस्तावों को लेकर भी अहम फैसले लिए जा सकते हैं. राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से यह बैठक बेहद खास मानी जा रही है. इसमें लिए जाने वाले फैसलों का सीधा असर आगामी विधानसभा सत्र और राज्य के विकास कार्यों पर पड़ सकता है. अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि कैबिनेट बैठक से उत्तराखंड की जनता को क्या नई सौगात मिलती है.