सहसपुर के बैरागीवाला गांव में हुई हिंसक घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है. खेत में पानी लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार रात गंभीर झड़प में बदल गया. इस दौरान बजरंग दल नेता विनोद कुमार की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए. घटना के बाद लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिला. हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कदम तेज कर दिए हैं.
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ दिनों से खेत में पानी छोड़ने को लेकर विवाद चल रहा था. इसी तनाव के बीच झड़प हुई, जिसमें विनोद कुमार, अशोक कुमार और राजेश कुमार पर हमला किया गया. गंभीर चोटों और अधिक रक्तस्राव के कारण विनोद कुमार की मौत हो गई.
घटना के बाद पुलिस ने कई नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि रज्जाक, सलमान, यूनुस और जावेद को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और पुलिस कई संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
हत्या के बाद प्रशासन ने एक आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई भी की. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी.