menu-icon
India Daily

नैनीताल में अब किराए पर नहीं मिलेगी बाइक, पर्यटकों को लगा बड़ा झटका

जिला प्रशासन ने बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए यह सख्त कदम उठाया है. पिछले कुछ समय में नैनीताल की सड़कों पर बाइक दुर्घटनाओं की संख्या काफी बढ़ गई थी. खासकर पर्यटक अनजान रास्तों पर तेज रफ्तार में बाइक चलाते थे, जिससे कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं.

antima
Edited By: Antima Pal
नैनीताल में अब किराए पर नहीं मिलेगी बाइक, पर्यटकों को लगा बड़ा झटका
Courtesy: X

नैनीतालः गर्मी से बचने के लिए पहाड़ी शहर नैनीताल इस समय पर्यटकों से खचाखच भरा हुआ है. होटल, बाजार और घूमने की जगहें पूरी तरह गुलजार हैं. लेकिन जिला प्रशासन के एक नए फैसले ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को निराश कर दिया है. अब नैनीताल में किराए पर बाइक नहीं मिलेगी. साथ ही बिना हेलमेट के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल भी नहीं दिया जाएगा.

नैनीताल में अब किराए पर नहीं मिलेगी बाइक

जिला प्रशासन ने बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए यह सख्त कदम उठाया है. पिछले कुछ समय में नैनीताल की सड़कों पर बाइक दुर्घटनाओं की संख्या काफी बढ़ गई थी. खासकर पर्यटक अनजान रास्तों पर तेज रफ्तार में बाइक चलाते थे, जिससे कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं. कई बार पर्यटकों की लापरवाही के कारण स्थानीय लोगों की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा. 

इन सबको देखते हुए प्रशासन ने फैसला लिया कि अब कोई भी बाइक रेंट पर नहीं दी जाएगी. यह आदेश सभी बाइक रेंटल वाले लोगों और पेट्रोल पंप संचालकों तक पहुंचा दिया गया है. पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के कोई भी व्यक्ति पेट्रोल नहीं ले पाएगा. प्रशासन का कहना है कि हेलमेट सुरक्षा के लिए जरूरी है. बिना हेलमेट के बाइक चलाना न सिर्फ खुद के लिए बल्कि दूसरों के लिए भी खतरा बन जाता है.

पर्यटकों पर पड़ा असर

नैनीताल घूमने आने वाले ज्यादातर पर्यटक मैदानी इलाकों से आते हैं. वे यहां पहुंचकर आसानी से बाइक किराए पर लेकर नैनिताल झील के आसपास, कैंची धाम, भीमताल, सातताल जैसी जगहों पर घूमते थे. अब इस सुविधा के बंद हो जाने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई पर्यटकों ने कहा कि बाइक रेंट पर न मिलने से उनकी घूमने की प्लानिंग बिगड़ गई है. टैक्सी या अन्य साधनों से घूमना महंगा भी पड़ता है और कहीं-कहीं पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है.