पंतनगर: उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है. पंतनगर एयरपोर्ट से नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के लिए हवाई सेवा आज 1 जुलाई से शुरू हो गई है. इंडिगो एयरलाइंस इस रूट पर दो फ्लाइट्स का संचालन करेगी. इससे यात्री अब आसानी से पंतनगर और जेवर के बीच यात्रा कर सकेंगे. यह नई सेवा शुरू होने से कुमाऊं के लोगों को बड़ी राहत मिली है.
पहले दिल्ली या अन्य शहरों जाने के लिए यात्रियों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता था. अब जेवर एयरपोर्ट से सीधा कनेक्शन होने के कारण समय और मेहनत दोनों बचेंगे. जेवर एयरपोर्ट से देश के कई बड़े शहरों के लिए उड़ानें पहले से चल रही हैं, इसलिए अब कुमाऊं के यात्री आसानी से आगे की यात्रा भी कर सकेंगे.
इंडिगो एयरलाइंस एटीआर-78 विमान का इस्तेमाल करेगी. इस विमान में 78 सीटें हैं. पंतनगर से जेवर एयरपोर्ट की दूरी करीब 50 मिनट में तय हो जाएगी. कंपनी ने टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है. यात्री ऑनलाइन या एयरपोर्ट से आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं.
आज से यह है उड़ानों का शेड्यूल पहली फ्लाइट:- जेवर (नोएडा) से सुबह 10:15 बजे उड़ान, पंतनगर पहुंचेगी 11:10 बजे. वापसी में पंतनगर से 11:30 बजे उड़ान, जेवर पहुंचेगी 12:25 बजे. दूसरी फ्लाइट: जेवर से दोपहर 12:40 बजे उड़ान, पंतनगर पहुंचेगी 1:35 बजे. वापसी में पंतनगर से 2:00 बजे उड़ान, जेवर पहुंचेगी 2:50 बजे. इसके अलावा दिल्ली-पंतनगर रूट पर पहले से चल रही एक फ्लाइट को बंद कर दिया गया है, लेकिन जेवर रूट की नई सेवा शुरू हो गई है.
पंतनगर एयरपोर्ट के डायरेक्टर पवन कुमार ने बताया कि जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने में थोड़ी देरी हुई थी, जिसके कारण यह सेवा अब शुरू हो पाई है. इस नई हवाई सेवा से पर्यटन को अच्छा बढ़ावा मिलेगा. नैनीताल, भीमताल, अल्मोड़ा, रानीखेत जैसे पर्यटक स्थानों पर आने वाले लोग अब आसानी से पहुंच सकेंगे. साथ ही व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे.