menu-icon
India Daily

सूट पहनकर टॉयलेट में घुसी कैदी, बुर्के में आई बाहर! पुलिस को फिल्मी अंदाज में चकमा देकर हुई फरार

बरेली जिला अस्पताल में पॉक्सो एक्ट की आरोपी महिला कैदी पुलिस सुरक्षा को चकमा देकर फरार हो गई. वह टॉयलेट में जाकर कपड़े बदलकर बुर्के में निकली. मामले में दो महिला सिपाही निलंबित की गई हैं.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
सूट पहनकर टॉयलेट में घुसी कैदी, बुर्के में आई बाहर! पुलिस को फिल्मी अंदाज में चकमा देकर हुई फरार
Courtesy: SOCIAL MEDIA

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक महिला कैदी के फरार होने का मामला सामने आया है. पॉक्सो एक्ट में जेल में बंद 48 वर्षीय ममता को तबीयत खराब होने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल में सुरक्षा के लिए दो महिला पुलिसकर्मी तैनात थीं, लेकिन ममता ने दोनों को चकमा देकर भागने की योजना को अंजाम दे दिया.

टॉयलेट गई और कपड़े बदलकर हो गई फरार

ममता को फरीदपुर पुलिस ने दिसंबर 2025 में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसे केंद्रीय कारागार-2 भेजा गया था. 31 अगस्त को अदालत में पेशी के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ी तो उसे बरेली जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. अस्पताल में रहते हुए वह कई बार टॉयलेट गई और कथित तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को परखती रही. घटना वाले दिन वह सलवार-सूट पहनकर टॉयलेट गई, लेकिन वहां उसने कपड़े बदलकर बुर्का पहन लिया और अस्पताल से बाहर निकल गई.

सिपाहियां खाना खा रही थीं, तभी निकली बाहर

बताया जा रहा है कि शाम के समय दोनों महिला सिपाही खाना खा रही थीं. इसी दौरान ममता टॉयलेट जाने की बात कहकर वहां चली गई. काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो सिपाहियों को शक हुआ. टॉयलेट में जाकर देखा गया तो वहां ममता के कपड़े टंगे मिले. इससे साफ हो गया कि वह भेष बदलकर अस्पताल से निकल चुकी है. घटना के बाद अस्पताल और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू कर दी गई.

फरारी के बाद बेटे को किया फोन

ममता के फरार होने की जानकारी मिलने के बाद उसका बेटा केशव भी अस्पताल पहुंचा. उसने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने किसी दूसरे व्यक्ति के मोबाइल से उसे फोन किया था. फोन पर ममता ने कहा कि वह अस्पताल से बाहर निकल चुकी है और अब अपना मामला खुद संभालेगी. इस कॉल के बाद पुलिस को उसके फरार होने की पुष्टि हुई. पुलिस अब उस फोन और ममता के संभावित ठिकानों की भी जानकारी जुटा रही है.

दो महिला सिपाही निलंबित, तलाश तेज

मामले में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात दोनों महिला सिपाहियों की लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया. पुलिस ने कोतवाली थाने में केस दर्ज कर लिया है. फरार महिला की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं. उसके संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां दबिश दी जा रही है. पुलिस अस्पताल से बाहर निकलने के बाद उसके संभावित रास्ते और संपर्कों की भी जांच कर रही है.