पत्नी ने बेटे-दामाद के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, कुल्हाड़ी और सब्बल से सिर किया चकनाचूर
यूपी में एक पत्नी ने बेटे और दामाद के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी.
उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक खौफनाक साजिश रची गई. शराब पीने और पैतृक संपत्ति बेचने से परेशान होकर एक पत्नी ने अपने छोटे बेटे और दामाद के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया. उसने कुल्हाड़ी से हत्या कर शव को हाईवे पर फेंक दिया. आईए जानते हैं कि कैसे एक पत्नी ने अपने ही पति को मारने की साजिश रच डाली.
हत्या की खौफनाक साजिश
मृतक अड़तालीस वर्षीय रणवीर सिंह यादव मढ़ा प्रीतम का रहने वाला था. रणवीर को शराब की बुरी लत थी और वह लगातार अपनी पैतृक संपत्ति बेचकर पैसे उड़ा रहा था. इसी बात को लेकर घर में अक्सर भारी क्लेश होता थ. घटना वाली रात तीन मई को रणवीर ने अपनी पत्नी विनीता के साथ बुरी तरह मारपीट की थी. इस रोज-रोज की प्रताड़ना से टूट चुकी विनीता ने उसी वक्त अपने पति को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश रची.
कुल्हाड़ी और सब्बल से कई जानलेवा वार किए
विनीता ने तुरंत छोटे बेटे हर्ष उर्फ हर्षित को फोन किया. वह उस समय अपनी बहन के घर गया हुआ था. मां का फोन आते ही हर्ष अपने रिश्तेदार गुरजीत के साथ फौरन घर पहुंच गया. इसके बाद इन तीनों ने मिलकर रणवीर पर कुल्हाड़ी और सब्बल से कई जानलेवा वार किए. इसके बाद रणवीर की दर्दनाक मौत हो गई. फिर उन्होंने शव को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किलोमीटर दो सौ पचहत्तर के पास फेंक दिया.
पुलिस की जांच
पुलिस को हाईवे पर संदिग्ध शव मिला. तत्काल मौके पर फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए. इसके बाद मृतक के बड़े बेटे सतेंद्र उर्फ अंकित ने थाने में तहरीर दी. इसके आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ. पुलिस अधीक्षक के निर्देश और क्षेत्राधिकारी बिधूना की निगरानी में टीम ने सघन जांच शुरू की. मुखबिरों के बिछाए जाल और वाहनों की लगातार चेकिंग से पुलिस जल्द ही असली कातिलों तक पहुंच गई.
मुखबिर की सूचना
सघन चेकिंग और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पांच मई को तुर्कपुर अंडरपास के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून से सनी कुल्हाड़ी, भारी सब्बल, वारदात के समय पहने कपड़े और घटना में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है. बाहत्तर घंटे के भीतर इस हत्याकांड का पर्दाफाश कर अछल्दा पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है.