उत्तर प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम, 16 से 19 अगस्त तक रहने वाला है तेज बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है. 16 से 18 अगस्त के बीच कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की आशंका है, जबकि 19 अगस्त से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है.
उत्तर प्रदेश में बीते कुछ दिनों से जारी बारिश का सिलसिला आगे भी बना रहने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय मौसम केंद्र के अनुसार, 16 और 17 अगस्त को पश्चिमी तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 18 अगस्त को भी कुछ हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. वहीं 19 अगस्त से प्रदेश के अधिकांश जिलों में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. ऐसे में लोगों को अगले कुछ दिनों तक मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है.
इन जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मुरादाबाद, रामपुर, बहराइच, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और श्रावस्ती समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में तेज बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की आशंका जताई गई है. वहीं लखनऊ, बाराबंकी और अयोध्या समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
Also Read
सीतापुर और गोरखपुर में जमकर बरसे बादल
प्रदेश के कई हिस्सों में बीते शनिवार को भारी बारिश दर्ज की गई. सीतापुर के भटपुरवाघाट में सबसे ज्यादा 124 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई. गोरखपुर के बर्डघाट में 101.8 मिलीमीटर और सीतापुर के नैमिषारण्य में 85.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
वज्रपात को लेकर भी सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने बारिश के साथ कई इलाकों में बिजली गिरने की संभावना जताई है. मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले मैदान, खेत और अन्य खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है. कुल मिलाकर 16 अगस्त से अगले कई दिनों तक उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने के आसार हैं. ऐसे में भारी बारिश वाले जिलों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं.