यूपी में चलती ट्रेन में यात्री की हत्या, बाथरूम से बाहर निकलते ही सिर में मारी गोली; मृतक के पास से कैश बरामद

वाराणसी के पास जम्मू-तवी एक्सप्रेस में बदमाशों ने यात्री दिनेश साहू की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी चलती ट्रेन से फरार हो गए. लगातार दूसरी ट्रेन हत्या के बाद यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

वाराणसी: यूपी के जनपद वाराणसी से एक बेहद ही सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां चलती ट्रेन में बदमाशों ने एक यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी. रेलवे स्टेशन से पहले जब ट्रेन की गति कम थी, तभी ट्रेन की टॉयलेट से बाहर निकले एक यात्री को बदमाशों ने गोली मार दी, जिससे बॉगी में हड़कंप मच गया. चूंकि ट्रेन की स्पीड कम थी, इसीलिए बदमाश चलती ट्रेन से उतरकर फरार होने में कामयाब रहे. फिलहाल पुलिस ने यात्री के शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

दरअसल, ये मामला पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से करीब 3 किमी पहले ब्लॉक हट-बी के पास का है, जहां रविवार देर रात 2 बजे के करीब जम्मू-तवी एक्सप्रेस ट्रेन में एक यात्री की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक का नाम दिनेश साहू (42) बताया जा रहा है, जो बिहार के गया जिले के रहने वाले थे. जिस कोच में दिनेश की हत्या हुई, उसीमें उसकी पत्नी भी यात्रा कर रही थी, जो घटना के समय सो रही थी. जैसे ही गोली चलने की आवाज आई, उसकी पत्नी दौड़कर बाथरूम के पास पहुंची, जहां उसने अपने पति को खून से लथपथ अवस्था में देखा. 

यात्रियों की सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस, शुरू की जांच

पत्नी की चीख-पुकार से ट्रेन के अन्य कोचों में भी हड़कंप मच गया. ट्रेन में सवार यात्रियों ने इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर रेलवे पुलिस पहुंची. पुलिस के मुताबिक मृतक दिनेश अपनी पत्नी के साथ कोच S-2 में सवार थे, जबकि उनकी बहन, उनके दो बच्चे और सास जनरल कंपार्टमेंट में यात्रा कर रहे थे. वह परिवार के साथ सीतापुर के नैमिषारण्य जा रहे थे, जिस दौरान ये घटना हुई.

परिवार के साथ सीतापुर जा रहा था मृतक

घटना पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से करीब 3 किमी पहले ब्लॉक हट-बी के पास हुई. मृतक दिनेश साहू (42) बिहार के गया जिले के रहने वाले थे. वह परिवार के साथ सीतापुर के नैमिषारण्य जा रहे थे. ट्रेन में दो दिन में हत्या की यह दूसरी वारदात है. इससे पहले रविवार को पैसेंजर ट्रेन में गाजीपुर के रहने वाले एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. 

बिहार के गया जिले के पिपरिया गांव के रहने वाले दिनेश साहू के पास से करीब 15 हजार रुपये नकद मिले हैं. उनकी पत्नी के जेवर भी सुरक्षित हैं, ऐसे में ये मामला लूटपाट का भी प्रतीत नहीं हो रहा. घटना के बाद रेलवे पुलिस की एक टीम ट्रेन के साथ आगे गई है, ताकि यात्रियों से पूछताछ कर हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके. वहीं दूसरी टीम दिनेश के गांव भेजी गई है, जहां परिजनों से पूछताछ की जाएगी. पुलिस ये पता लगाने में जुटी है कि आखिर किस वजह से ट्रेन में यात्री की हत्या की गई.

ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल

ट्रेन में दो दिन में हत्या की यह दूसरी वारदात है. इससे पहले रविवार को पैसेंजर ट्रेन में गाजीपुर के रहने वाले एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. बीते दो दिनों में लगातार हुई हत्या की दो वारदातों से ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तमाम तरह के सवाल खड़े हो गए हैं. लोग रेलवे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.