menu-icon
India Daily

यूपी में मौसम का बड़ा पलटवार, बारिश के साथ 70 की रफ्तार वाली आंधी का अलर्ट; कई जिलों के लिए IMD की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है . नोएडा, लखनऊ, आगरा समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी है . भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 जुलाई तक भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
यूपी में मौसम का बड़ा पलटवार, बारिश के साथ 70 की रफ्तार वाली आंधी का अलर्ट; कई जिलों के लिए IMD की चेतावनी
Courtesy: Grok

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून का असर लगातार तेज होता जा रहा है. मंगलवार सुबह नोएडा, लखनऊ, आगरा समेत कई जिलों में बारिश हुई और पूरे दिन बादल छाए रहने से मौसम सुहाना बना रहा. हालांकि लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार 24 जुलाई तक प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. कुछ जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना भी जताई गई है. लगातार बदलते मौसम के बीच लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज आंधी की आशंका भी बनी हुई है.

कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने आगरा, अलीगढ़, एटा, मथुरा, इटावा, मैनपुरी और महोबा समेत 19 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है और हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. वहीं गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, गाजियाबाद, शामली, सहारनपुर, लखनऊ, प्रयागराज और आजमगढ़ सहित 60 से अधिक जिलों में येलो अलर्ट लागू किया गया है, जहां दिनभर बारिश की संभावना जताई गई है.

बारिश के बीच कई जिलों में हादसे

लगातार बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं ने कई परिवारों को प्रभावित किया है. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में बारिश और बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हुई है. मुजफ्फरनगर में मकान गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई. प्रयागराज में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हुई, जबकि बलिया, चंदौली, एटा और उन्नाव से भी जानलेवा हादसों की खबरें सामने आई हैं.

एटा, उन्नाव और प्रयागराज में दर्दनाक घटनाएं

एटा के नगला पुडीहार गांव में भारी बारिश के दौरान खपरैल की शेड और कच्ची दीवार गिरने से 55 वर्षीय फूलमाला की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं और उनका इलाज जारी है. उन्नाव के अहिरन पुरवा गांव में घर के बाहर बने छप्पर के गिरने से 54 वर्षीय रामप्रकाश की मौत हो गई. प्रयागराज के नवाबगंज क्षेत्र में बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े दो लोगों पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे दोनों की मौत हो गई और छह लोग झुलस गए.

मानसूनी गतिविधियां तेज होने से बढ़ा असर

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के कमजोर पड़ने के बाद मानसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं. मानसूनी रेखा श्रीगंगानगर, रोहतक, हरदोई, वाराणसी और रांची होते हुए उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. इसी वजह से उत्तर प्रदेश में 24 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा. इसके बाद भी अगले तीन से चार दिनों तक कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी.