UP weather: उमस से मिलेगी राहत, यूपी के कई जिलों में गरज चमक के साथ तेज बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में जुलाई के अंत तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है. 28 से 30 जुलाई के बीच कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने गरज चमक और बारिश को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है. शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में सुबह से रुक रुककर हल्की और मध्यम बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है.
कई इलाकों में बादल छाने, गरज चमक के साथ बारिश होने और कहीं कहीं मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई गई है. खासकर 28 से 30 जुलाई के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मेरठ मंडल में अच्छी बारिश होने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने क्या बताया?
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जुलाई महीने में उत्तर प्रदेश में सामान्य वर्षा 226.4 मिमी मानी जाती है, लेकिन 24 जुलाई तक प्रदेश में 457.8 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है. यह सामान्य से 102.2 प्रतिशत अधिक है. यानी जुलाई समाप्त होने से पहले ही प्रदेश में सामान्य से 231.4 मिमी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है. इससे साफ है कि इस बार मानसून उम्मीद से कहीं अधिक सक्रिय रहा है.
Also Read
- CM योगी की बड़ी सौगात, गोरखपुर को मिलीं 20 नई AC इलेक्ट्रिक बसें; सलेमपुर समेत कई रूटों पर आज से परिचालन शुरू
- इतनी मंहगाई के दौर में एक को संभालना मुश्किल... तीन बहनों की एक युवक से शादी पर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
- वाराणसी में होगा भव्य एयर शो, PM मोदी होंगे शामिल; राजघाट पुल और नाव संचालन रहेगा बंद
कैसा है वहां मौसम?
शुक्रवार को कई जिलों में सुबह से बादल छाए रहे और दोपहर तक हल्की से मध्यम बारिश होती रही. बारिश के कारण दिन का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दिन के तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई, जबकि रात के तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. बारिश के बावजूद बढ़ी हुई नमी के कारण कई स्थानों पर उमस बनी रही.
कैसा रहा पूरे सप्ताह मौसम?
सप्ताह की शुरुआत में हुई तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन बुधवार के बाद बारिश कम होने से उमस फिर बढ़ गई. मौसम विभाग का कहना है कि सप्ताहांत और नए सप्ताह की शुरुआत में उमस बनी रह सकती है. हालांकि मंगलवार से मानसूनी बादल फिर सक्रिय होने की संभावना है. विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है.
प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को बादल तो छाए रहे लेकिन अधिकांश स्थानों पर केवल बूंदाबांदी हुई. इसके बाद मौसम साफ हो गया. लगातार अच्छी बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है. जिन क्षेत्रों में सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, वहां धान की रोपाई प्रभावित हो रही है. किसान मानसून की जोरदार वापसी का इंतजार कर रहे हैं ताकि खेती का काम समय पर पूरा हो सके.
मौसम विभाग ने क्या दी सलाह?
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि गरज चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखें. यदि बारिश तेज होती है तो जलभराव वाले क्षेत्रों और बिजली गिरने की आशंका वाले स्थानों से दूर रहें.