बांदा के रेजिडेंशियल स्कूल में दो बच्चों की मौत, मोमोज खाने के बाद बिगड़ी थी तबीयत; फूड पॉइजनिंग का शक
उत्तर प्रदेश के बांदा में रेजिडेंशियल स्कूल में रहने वाले 8 और 12 साल के दो बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. परिजनों के मुताबिक, दोनों ने बीमार होने से कुछ घंटे पहले चटनी के साथ मोमोज खाए थे.
उत्तर प्रदेश के बांदा में एक निजी रेजिडेंशियल स्कूल में दो बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत से हड़कंप मच गया. घटना कोतवाली नगर क्षेत्र के झील का पुरवा स्थित स्कूल की है. दोनों बच्चे स्कूल के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहे थे.
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात दोनों की तबीयत अचानक खराब हुई, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा. डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
मृतकों में 8 और 12 साल के बच्चे शामिल
पुलिस के अनुसार, एक बच्चे को जिला अस्पताल में मृत घोषित किया गया, जबकि दूसरे ने बांदा मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान गिरवां थाना क्षेत्र के सरसवाह निवासी 12 वर्षीय नितिन और टिंडवारी कस्बे के रहने वाले पुष्कर के आठ वर्षीय बेटे अरुण कुमार के रूप में हुई है. दोनों बच्चे स्कूल के छात्रावास में रहकर शिक्षा हासिल कर रहे थे. बच्चों की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिजन अस्पताल पहुंचे. बच्चों के शव देखकर परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल में भी अफरातफरी का माहौल बन गया.
Also Read
मोमोज खाने के बाद पेट में हुआ तेज दर्द
परिजनों का कहना है कि दोनों बच्चों ने 16 अगस्त की शाम चटनी के साथ मोमोज खाए थे. इसके कुछ समय बाद ही दोनों के पेट में तेज दर्द होने लगा और देर रात उनकी हालत बिगड़ गई. परिवार वालों ने इसी आधार पर खाने से जुड़ी समस्या की आशंका जताई है. पुलिस को भी प्रथम दृष्टया फूड पॉइजनिंग की आशंका है, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चों की मौत किस वजह से हुई. केवल मोमोज खाने को मौत का कारण मानना फिलहाल जल्दबाजी होगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
बांदा के एएसपी शिवराज ने बताया कि रात में दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद स्कूल प्रबंधन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर गया था. एक बच्चे को जिला अस्पताल और दूसरे को बांदा मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित किया गया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही बच्चों की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बच्चों ने क्या खाया था और उनकी तबीयत अचानक किस वजह से बिगड़ी.