उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर सोमवार को गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा होने की आशंका सामने आई है. शाहजहांपुर से कांवड़ यात्रा पर पहुंचे चार युवक गंगा में नहाते समय लापता हो गए. कई घंटों तक चले सघन तलाशी अभियान के बावजूद देर तक चारों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस तथा बचाव दल ने तुरंत अभियान शुरू किया.
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे की है. शाहजहांपुर से कांवड़ियों का एक दल मोटरसाइकिल से पांचाल घाट पहुंचा था. युवकों को गंगा से जल लेकर गोला गोकर्णनाथ की ओर रवाना होना था. इसी दौरान चार युवक स्नान करने के लिए नदी में उतरे. बताया जा रहा है कि नहाते समय वे गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए.
मिली की जानकारी के मुताबिक मौके पर मौजूद लोगों ने युवकों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी. लापता युवकों की पहचान शाहजहांपुर जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र के साहूकार गांव निवासी कमल सक्सेना और योगेश सक्सेना के अलावा मोहल्ला हनुमान गढ़ी निवासी विकास सक्सेना और अर्जुन कश्यप के रूप में हुई है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया गया.
पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय गोताखोर और स्टीमर की मदद से गंगा में तलाशी अभियान चलाया गया. बाद में एनडीआरएफ की टीम को भी बचाव कार्य में लगाया गया. टीमों ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में काफी देर तक तलाश की, लेकिन चारों युवकों का पता नहीं चल सका. फिलहाल लापता कांवड़ियों की तलाश जारी है. घटना ने कांवड़ यात्रा के दौरान नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और गहरे पानी में जाने से रोकने की व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस और बचाव दल लगातार अभियान चलाकर युवकों का पता लगाने में जुटे हैं.