नोएडा की रहने वाली 31 साल की ट्विशा शर्मा की भोपाल में हुई मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है. अब इस केस में नया मोड़ तब आया जब ससुराल पक्ष ने अपने ऊपर लगे उत्पीड़न और हत्या के आरोपों को खारिज करते हुए कई गंभीर दावे किए हैं. ट्विशा की सास और भोपाल जिला अदालत की रिटायर्ड जज Giribala Singh ने अदालत में दायर अपनी जमानत याचिका में कहा है कि ट्विशा कथित तौर पर नशीले पदार्थों की आदी थीं और उनका व्यवहार अक्सर अस्थिर रहता था.
पिछले हफ्ते ट्विशा शर्मा भोपाल स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं. बताया गया कि मौत से कुछ समय पहले उन्होंने अपनी एक करीबी दोस्त को मदद के लिए संदेश भी भेजे थे. मामले के सामने आने के बाद ट्विशा के परिवार ने उनके पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए. परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही ट्विशा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. ट्विशा के पिता और परिवार ने न्याय की मांग को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास के बाहर धरना भी दिया. परिवार ने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है. परिवार का आरोप है कि ट्विशा के शरीर पर चोट के निशान थे और मामले में सबूत मिटाने की कोशिश भी की गई हो सकती है.
अपनी जमानत याचिका में गिरिबाला सिंह ने दावा किया कि ट्विशा शादी से पहले मॉडल और एक्ट्रेस के तौर पर काम करती थीं और कई क्षेत्रीय फिल्मों व ऐड में नजर आ चुकी थीं. याचिका के अनुसार शादी के बाद ट्विशा नोएडा छोड़कर भोपाल आ गई थीं और घर से ही नौकरी कर रही थीं. ससुराल पक्ष का दावा है कि शादी के कुछ समय बाद ट्विशा के व्यवहार में बदलाव दिखाई देने लगा था.
गिरिबाला सिंह ने अदालत को बताया कि दिसंबर 2025 से मई 2026 के बीच ट्विशा कई बार अपने माता पिता के घर गई थीं. इस दौरान कथित तौर पर उनके हाथ कांपना, चिड़चिड़ापन और अचानक मूड बदलने जैसी बातें देखी गईं. याचिका में दावा किया गया है कि ये लक्षण नशीले पदार्थ नहीं मिलने के कारण सामने आते थे.
इसके साथ ही ससुराल पक्ष ने यह भी दावा किया कि अप्रैल 2026 में जब अस्पताल में जांच के दौरान ट्विशा को अपनी गर्भावस्था का पता चला तो उसके बाद उनका व्यवहार काफी बदल गया था. याचिका के अनुसार अस्पताल से लौटने के बाद ट्विशा ने कहा कि वह हाउसवाइफ नहीं बन सकती और फिर भोपाल छोड़कर नोएडा चली गईं. हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.