प्रयागराज के एक होटल में भयंकर आग लग गई है. होटल में फंसे पांच लोगों को रेस्क्यू किए जाने की जानकारी मिली है, लेकिन इससे कहीं अधिक लोगों के अभी भी आग में फंसे होने की आशंका है. यह घटना सिविल लाइंस इलाके स्थित बिठ्ठल होटल में हुई है. आग की लपटें और होटल से निकले काले धुएं को देखकर क्षेत्र में सनसनी फैल गई. शुरूआती जानकारी के मुताबिक ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट होने के बाद होटल में आग लगी और कुछ ही देर में आग ने भीषण रूप ले लिया.
सिविल लाइंस थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर आग बुझाने के प्रयासों में जुटी है. बहुमंजिला इमारत होने के कारण मौके पर आग बुझाने के लिए हाईड्रोलिक मशीन भी बुलाई गई है. इसके अलावा फायर बिग्रेड की आठ गाडियां और चार एंबुलेंस राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं. बता दें कि इससे पहले 12 मई को प्रयागराज में एक भीषण आग की घटना में बच्चों को बचाने के प्रयास में मां की जान चली गई थी. आग में घिरने के बाद महिला ने करीब आधे घंटे तक अपने तीन बच्चों को बचाने के लिए संघर्ष किया था.
पुलिस के मुताबिक होटल में करीब 25 कमरे हैं. होटल में ठहरे हुए पांच लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है, हालांकि अभी भी करीब आठ लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है. आग पर काबू पाने के प्रयास में अपनी टीम के साथ जुटे मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) चंद्र मोहन शर्मा को हाथ झुलस जाने की खबर मिली है. हालांकि मौके पर ही फर्स्ट एड के बाद सीएफओ अपनी टीम को नेतृत्व करने में जुटे हैं. सीएफओ ने बताया कि होटल के पास ही लगे ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट होने के बाद आग भड़क गई, हालांकि दमकल विभाग आग लगने के कारणों की और गहन जांच करेगी.