नोएडा की रहने ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत ने न केवल मध्य प्रदेश बल्कि पूरे देश में हड़कंप मचा दिया है. ट्विशा के परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसके पति ने उसकी हत्या की है. परिवार द्वारा अब दूसरी बार शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की जा रही है.
ट्विशा के परिवार की ओर से उसके पति समर्थ सिंह को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है. इस मांग को लेकर उनका परिवार रविवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास के बाहर प्रदर्शन किया, उन्होंने सीएम यादव से न्याय की अपील की. परिवार का कहना है कि अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा, क्योंकि इससे कई जरूरी सबूत ख्तम हो सकते हैं.
ट्विशा की मां और पिता ने भावुक अपील करते हुए कहा कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है. उन्होंने इसके पीछे ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास का हाथ बताया है और दोनों की गिरफ्तारी की मांग की है. परिवार का आरोप है कि ससुराल में ट्विशा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था.
रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्विशा और समर्थ की मुलाकात डेटिंग ऐप के माध्यम से हुई थी. जिसके बाद दोनों ने 2025 के दिसंबर महीने में शादी कर ली. शादी के कुछ समय बाद ही समर्थ का व्यवहार बदलने लगा. उसने ट्विशा के पेट में पल रहे बच्चे को भी अपना मानने से मना कर दिया था.
इस मामले में ट्विशा की सास और रिटायर्ड ससुर जस्टिस गिरिबाला सिंह को पहले ही अग्रिम जमानत मिल गई है, जिस पर परिवार द्वारा सवाल उठाए जा रहे हैं. परिवार अब ट्विशा का दोबारा दिल्ली के एम्स में पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहा है ताकि निष्पक्ष जांच हो सके. ट्विशा के मौत को अब 6 दिन बीत चुके हैं, इसके बाद भी परिवार ने शव को मोर्चरी से अभी तक नहीं लिया है. हालांकि इस मामले से जु़ड़े कई चैट्स भी सामने आए हैं, जिससे साफ पता चल रहा है कि ट्विशा अपने ससुराल वालों से परेशान थी. हालांकि ससुराल पक्ष ने इसके उलट ट्विशा पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं.