सहारनपुर में दर्दनाक हादसा, मिट्टी धंसने से चाचा-भतीजे की मौत; परिवार में पसरा मातम
स्वतंत्रता दिवस के दिन सहारनपुर में ट्यूबवेल के पास करीब 30 फुट गहरे गड्ढे में मिट्टी धंसने से चाचा और उसके 12 वर्षीय भतीजे की जान चली गई. कई घंटे चले बचाव अभियान के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके.
सहारनपुर जिले में स्वतंत्रता दिवस का दिन एक परिवार के लिए मातम में बदल गया. बड़गांव थाना क्षेत्र के एक गांव में ट्यूबवेल के पास हुए हादसे में चाचा और उसके 12 वर्षीय भतीजे की मौत हो गई. दोनों करीब 30 फुट गहरे गड्ढे में मिट्टी धंसने के कारण मलबे के नीचे दब गए.
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान राजेंद्र और उसके भतीजे गौरव के रूप में हुई है. बताया गया कि राजेंद्र ट्यूबवेल के पास बने गड्ढे से ईंटें निकाल रहा था. इसी दौरान अचानक गड्ढे की मिट्टी भरभराकर नीचे गिरने लगी. उस समय 12 वर्षीय गौरव गड्ढे के किनारे बैठा हुआ था. मिट्टी का हिस्सा धंसने से वह भी गड्ढे में जा गिरा और दोनों मलबे में दब गए.
जेसीबी की मदद से शुरू हुआ बचाव अभियान
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. कुछ ही समय में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया गया. गड्ढा काफी गहरा होने के कारण बचाव दल को बेहद सावधानी के साथ अभियान चलाना पड़ा. मिट्टी के दोबारा खिसकने की आशंका के बीच जेसीबी की सहायता से मलबा हटाया गया.
Also Read
- कभी क्रिकेट का चमकता सितारा, फिर बदले हालात... विनोद कांबली की कहानी अब पर्दे पर होगी बयां, जानें कब शुरू होगी शूटिंग
- देहरादून, नैनीताल समेत 5 जिलों में आज बारिश का तांडव! चम्पावत-बागेश्वर में भूस्खलन का खतरा
- कतर की कैद में ईरान के 3 पायलट? तेहरान के आरोप पर आया दोहा का जवाब, जानिए सच क्या है और दो देशों में क्यों मचा घमासान
काफी प्रयास के बाद राजेंद्र को बाहर निकाला गया. गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इसके बाद बचाव दल ने गौरव को निकालने के लिए भी अभियान जारी रखा.
कई घंटे की मशक्कत के बाद भी नहीं बची जान
गौरव को मलबे से बाहर निकालने में बचाव दल को कई घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. उसे भी एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. एक ही हादसे में चाचा और भतीजे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
बड़गांव थाना प्रभारी नरेंद्र भडाना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.