menu-icon
India Daily

शादी में आवारा कुत्ते ने मचाया कहर, दुल्हन की विदाई के समय लोगों को दौड़ा कर काटा; 60 से ज्यादा लोग घायल

बदायूं में एक शादी समारोह के दौरान आवारा कुत्ते के हमले से 60 से ज्यादा लोग घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में डर और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी बढ़ गई है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
शादी में आवारा कुत्ते ने मचाया कहर, दुल्हन की विदाई के समय लोगों को दौड़ा कर काटा; 60 से ज्यादा लोग घायल
Courtesy: Pinterest

बदायूं: बदायूं के एक बैंक्वेट हॉल में दुल्हन की विदाई के दौरान एक आवारा कुत्ते ने लोगों को काटना शुरू कर दिया. अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मेहमानों और परिवार के सदस्यों समेत 60 से ज्यादा लोग घायल हो गए. इस घटना से वहां अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया.

यह घटना सोमवार को बिसावली थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिल्सी रोड पर स्थित 'अभिनंदन बैंक्वेट हॉल' में हुई. कुत्ता हॉल के परिसर में घुस आया और वहां मौजूद लोगों पर अंधाधुंध हमला करना शुरू कर दिया.

वहां मौजूद लोगों ने क्या बताया?

वहां मौजूद लोगों ने क्या बताया कि अचानक हुए इस हमले से भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. महिलाएं और बच्चे चीखते-चिल्लाते हुए अपनी जान बचाने के लिए भागे और इस आपाधापी में कुछ लोग गिरकर घायल भी हो गए.

इसके बाद कुत्ता सड़क पर आ गया और वहां से गुजर रहे राहगीरों व दुकानदारों पर हमला करने लगा. फिर वह पास के ही एक गांव की ओर भाग गया, जहां उसने कथित तौर पर कुछ मवेशियों को भी काट लिया.

कौन-कौन लोग हुए घायल?

घायलों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. इनमें 9 साल की मनीषा, 12 साल की पूजा, 15 साल के विजय प्रताप, 16 साल की कंचन, 26 साल पिंकी,50 साल की रमेश, 66 साल के मदन लाल, 35 साल की सुनीता और 40 साल की चंद्रावती समेत कई अन्य लोग शामिल हैं.

घायलों को बिसावली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यानी CHC ले जाया गया, जहां उन्हें एंटी-रेबीज़ के टीके लगाए गए और फिर छुट्टी दे दी गई. कुछ पीड़ितों ने निजी अस्पतालों में भी अपना इलाज करवाया.

चिकित्सा अधिकारी ने क्या बताया?

CHC के चिकित्सा अधिकारी अरविंद वर्मा ने बताया कि सोमवार को एंटी-रेबीज के इलाज के लिए कुल 109 लोगों का पंजीकरण किया गया था, जिनमें से लगभग 60 लोग बैंक्वेट हॉल वाली घटना से जुड़े थे.

स्थानीय लोगों ने किसपर लगाया आरोप?

स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों के प्रबंधन पर पैसे खर्च किए जाने के बावजूद, जमीनी स्तर पर कोई तत्काल कार्रवाई या बदलाव देखने को नहीं मिला क्योंकि वह कुत्ता अभी भी आजादी से घूम रहा था. लोगों ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है.

ADM ने क्या बताया?

अपर जिलाधिकारी यानी ADM अरुण कुमार ने बताया कि बिसावली नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश जारी कर दिए गए हैं. उन्हें इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करने और जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान निकालने के लिए कहा गया है.