बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां रहपुरा चौधरी मोहल्ले में पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत अचानक हिंसक हो गई. गुस्से में आए एक युवक ने अपनी सास और साले पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई.
जानकारी के अनुसार रहपुरा चौधरी इलाके के रहने वाले 35 वर्षीय अफसर खान का अपनी पत्नी साइमा खान से लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी कारण साइमा करीब पांच दिनों से अपने मायके में रह रही थी. दोनों परिवारों ने आपसी बातचीत से मामला सुलझाने के लिए सोमवार को एक पंचायत बुलाई थी. इसमें दोनों पक्षों के कई लोग मौजूद थे और उम्मीद थी कि बातचीत से विवाद खत्म हो जाएगा.
बताया जा रहा है कि पंचायत के दौरान किसी बात पर अफसर खान अचानक गुस्से में आ गया. उसने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और ससुराल पक्ष पर हमला कर दिया. सबसे पहले उसने अपनी 54 वर्षीय सास आसमा और 20 वर्षीय साले आदिल पर कई वार किए. गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. जब उसकी पत्नी साइमा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.
#बरेली
— Goldy Srivastav (@GoldySrivastav) March 16, 2026
पंचायत के दौरान #दामाद ने अपनी सास और साले की चाकू मारकर #हत्या की#थाना_इज्जत_नगर रहपुरा चौधरी में डबल मर्डर #Bareilly#familymurder#UpCrime#knifeattack#shocking#DomesticViolence#NewsFlash@bareillypolice@Uppolice pic.twitter.com/1KE8sPwbLu
हमले के बाद आरोपी वहां से भाग गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस अधिकारियों ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है.
मृतका की बहन ने आरोप लगाया है कि अफसर खान पहले भी उसकी बहन के साथ मारपीट करता था और परिवार की देखभाल ठीक से नहीं करता था. इसी कारण साइमा को मायके बुला लिया गया था और उसके खिलाफ शिकायत भी की गई थी. परिवार का कहना है कि पंचायत के दौरान आरोपी पहले से ही चाकू लेकर आया था और उसने अचानक हमला कर दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और डर का माहौल बना हुआ है.