गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों की मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. नौवीं मंजिल से गिरकर जान देने वाली इन बहनों की उम्र 16, 14 और 11 साल थी. पुलिस जांच में सामने आया है कि वे कोरियन संस्कृति और ऑनलाइन टास्क आधारित गेम्स से गहराई से जुड़ी थी. पिता द्वारा मोबाइल फोन बेचे जाने के बाद उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया.
यह दर्दनाक घटना रात करीब 2 बजे हुई. तीनों बहनें अपने फ्लैट की खिड़की से नीचे गिर गई. मौके से एक सुसाइड नोट और नौ पन्नों की डायरी मिली है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है. नोट में तीनों बहनों की भावनात्मक स्थिति और उनकी आंतरिक पीड़ा झलकती है.
पुलिस के मुताबिक, पिता ने तीन महीने पहले 16 वर्षीय बेटी को और 15 दिन पहले 14 वर्षीय बेटी को मोबाइल फोन दिलाया था. इन्हीं फोनों पर वे के ड्रामा देखती थीं और ऑनलाइन गेम खेलती थी. आर्थिक तंगी और बच्चों की बढ़ती लत को देखकर पिता ने फोन बेच दिए. इसके बाद घर में तनाव बढ़ गया.
जांच में सामने आया कि पिता ने एक सोशल मीडिया अकाउंट भी डिलीट करवा दिया था, जिस पर करीब 2,000 फॉलोअर्स थे. इससे बहनें अपने कोरियन दोस्तों से संपर्क नहीं कर पाई. पुलिस मान रही है कि अचानक ऑनलाइन दुनिया से कटना उनके लिए बड़ा मानसिक झटका साबित हुआ.
घटना वाली रात बहनों ने मां का फोन लिया, लेकिन उस पर कोरियन ऐप लॉग इन नहीं हो पाया. फॉरेंसिक टीम ने फोन जब्त कर लिया है. पुलिस IMEI नंबर के जरिए बेचे गए मोबाइल ट्रेस कर रही है ताकि ऐप से जुड़े डेटा मिल सकें. फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि पिता की तीन पत्नियां हैं, जो आपस में सगी बहनें हैं. मृतक बच्चियां पिता के अधिक करीब थी और सुसाइड नोट में भी उन्होंने पिता को संबोधित किया. मां का कहीं उल्लेख नहीं है. पुलिस पारिवारिक हालात और ऑनलाइन लत दोनों एंगल से जांच कर रही है.