menu-icon
India Daily

कौन हैं गोरखपुर के नए SSP डॉ. कौस्तुभ? CM योगी के भरोसेमंद अधिकारियों में होती है गिनती

कार्यभार संभालते ही एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने स्पष्ट निर्देश जारी किए. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि आम जनता की शिकायतों को पूरी गंभीरता से सुना जाए और उनका समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण किया जाए.

Anuj
Edited By: Anuj
कौन हैं गोरखपुर के नए SSP डॉ. कौस्तुभ? CM योगी के भरोसेमंद अधिकारियों में होती है गिनती
Courtesy: Social Media

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले को नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मिल गया है. 2015 बैच के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी डॉ. कौस्तुभ ने शनिवार को औपचारिक रूप से जिले के एसएसपी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया. उन्होंने पुलिस कार्यालय के आदेश कक्ष में एसपी सिटी अभिनव त्यागी से पदभार संभाला. इस अवसर पर कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.

डॉ. कौस्तुभ को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अधिकारियों में गिना जाता हैं. इससे पहले वे जुलाई 2019 में गोरखपुर में सिटी एसपी के रूप में तैनात रह चुके हैं. उस समय उनके कार्यकाल को काफी सख्त, सक्रिय और परिणाम देने वाला माना गया था. अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने, महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए गए अभियानों के कारण उन्होंने जिले में अपनी अलग पहचान बनाई थी. आज भी लोग उनके उस कार्यकाल को याद करते हैं.

संवेदनशील जिलों में काम करने का अनुभव

गोरखपुर के बाद डॉ. कौस्तुभ ने महाराजगंज, अंबेडकरनगर और जौनपुर जैसे जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दी. सीमावर्ती और संवेदनशील जिलों में काम करने का उन्हें लंबा अनुभव है. इसके अलावा वाराणसी और सोनभद्र जैसे महत्वपूर्ण जिलों में भी उन्होंने अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं. उनके इसी अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर उन्हें गोरखपुर जिले की कानून-व्यवस्था की कमान सौंपी है.

SSP ने जारी किए निर्देश

कार्यभार संभालते ही एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने स्पष्ट निर्देश जारी किए. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि आम जनता की शिकायतों को पूरी गंभीरता से सुना जाए और उनका समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण किया जाए. महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं. संवेदनशील इलाकों में नियमित और प्रभावी गश्त, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी व संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया है.

'लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी'

उन्होंने कहा कि जनता से अच्छा व्यवहार और संवाद पुलिस की छवि को मजबूत करता है. किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी. वही, बेहतर और ईमानदार काम करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मान और प्रोत्साहन दिया जाएगा.

डॉ. कौस्तुभ ने साफ शब्दों में कहा कि कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी. इसके साथ ही उन्होंने पुलिस लाइन और कार्यालयों में प्लास्टिक की बोतलों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के निर्देश दिए. अब पानी कांच के गिलास में ही दिया जाएगा.

बेहतर कानून-व्यवस्था की उम्मीद

ज्वाइनिंग के दौरान एसपी सिटी अभिनव त्यागी, सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ लाइन अरुण कुमार सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे. जिले को एक बार फिर सख्त, अनुशासित और जनहित में काम करने वाला नेतृत्व मिला है, जिससे आम लोगों में बेहतर कानून-व्यवस्था की उम्मीद जगी है.