संभल में पहली बार 68 तीर्थों पर एक साथ मनाई जाएगी होली, ड्रोन और 250 कैमरों की नजर में रहेगा पूरा शहर

संभल में इस बार 68 तीर्थों पर पहली बार सामूहिक रंगोत्सव मनाया जाएगा. 64 जुलूसों को अनुमति दी गई है और पूरे जिले में धारा 163 लागू है. भारी पुलिस बल, सीसीटीवी और ड्रोन से कड़ी निगरानी की जाएगी.

Social Media
Babli Rautela

संभल: उत्तर प्रदेश के संभल में इस बार होली का स्वरूप बदला हुआ नजर आएगा. पहली बार 68 तीर्थों और 19 कूपों पर सामूहिक रंगोत्सव मनाने की तैयारी है. नगर हिंदू सभा और तीर्थ परिक्रमा समिति समेत कई मंदिर समितियों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई है. आयोजकों के अनुसार सुबह पूजा अर्चना, दोपहर में गुलाल अर्पण और शाम को दीप प्रज्वलन किया जाएगा. कई स्थानों पर भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे. मंदिरों के पुजारियों का कहना है कि तीर्थों के पुनर्जीवन की खुशी को सामूहिक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा.

जिला प्रशासन ने 64 जुलूसों को अनुमति दी है. बेहतर प्रबंधन के लिए जिले को तीन सेक्टर में बांटा गया है. 17 थानों पर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं और 27 क्विक रिस्पॉन्स टीम चौबीसों घंटे अलर्ट रहेंगी. जिलाधिकारी Rajendra Pensia ने बताया कि अमन कमेटी की बैठकों में रूट और समय सारिणी तय कर दी गई है. जुलूस बॉक्स फॉर्मेट में निकलेंगे और आगे पीछे पुलिस बल तैनात रहेगा.

पूरे जिले में लागू की गई धारा 163

हाल की अंतरराष्ट्रीय घटनाओं के बाद शहर के कुछ हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए थे. इसे देखते हुए पूरे जिले में धारा 163 लागू की गई है. पुलिस अधीक्षक Krishna Kumar Bishnoi के अनुसार एक हजार से अधिक संभावित उपद्रवियों को पाबंद किया गया है. तीन कंपनी और दो प्लाटून पीएसी, रैपिड रिएक्शन फोर्स और 200 से अधिक रंगरूट तैनात रहेंगे.

जुलूस मार्गों और प्रमुख चौराहों पर 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरे सक्रिय हैं. इनकी मॉनिटरिंग इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से होगी. ड्रोन कैमरे भीड़ और छतों पर नजर रखेंगे. विशेष ध्यान उन मार्गों पर है जहां से जुलूस जामा मस्जिद के सामने से गुजरेंगे.

रंगों की फैक्ट्री से 12 राज्यों तक सप्लाई

संभल की एक प्रमुख कलर कंपनी ने इस बार बड़े पैमाने पर गुलाल तैयार किया है. मालिक हर्ष गुप्ता के अनुसार चंदन, गुलाब, केवड़ा और चॉकलेट मिंट खुशबू वाले रंगों की मांग रही है. बच्चों के लिए स्किन फ्रेंडली और नॉन टॉक्सिक गुलाल तैयार किया गया है जो मक्का के आटे और फूड ग्रेड रंगों से बना है. कंपनी ने यूपी के अलावा 10 से 12 राज्यों में सप्लाई का दावा किया है. अयोध्या, काशी और मथुरा से भी खास मांग आई है.

प्रशासन ने सभी जुलूसों के लिए समय सीमा तय की है. डीजे की ध्वनि सीमा निर्धारित की गई है और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग बढ़ाई गई है. अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. अमन कमेटियों ने अपील की है कि लोग तय रूट और समय का पालन करें. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि होली आपसी भाईचारे का पर्व है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें.