'सीनियरों ने छोड़े कैच, बल्लेबाज रहे फ्लॉप...', भारत से शर्मनाक हार के बाद फूटा पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना का गुस्सा
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत से मिली 64 रन की हार के बाद पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टीम के प्रदर्शन पर नाराजगी जताई.
भारत के खिलाफ महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में मिली बड़ी हार के बाद पाकिस्तान टीम सवालों के घेरे में है. मैच खत्म होने के बाद कप्तान फातिमा सना ने खुलकर अपनी टीम की कमियों पर बात की और खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर निराशा जाहिर की.
बल्लेबाजी पर कप्तान ने उठाए सवाल
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने हार के बाद सबसे पहले बल्लेबाजी विभाग को जिम्मेदार ठहराया. उनका कहना था कि टीम लक्ष्य का पीछा करते समय सही सोच के साथ नहीं खेल पाई. पाकिस्तान को 171 रन का लक्ष्य मिला था लेकिन बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके. मुनीबा अली ने जरूर 41 रन बनाए लेकिन बाकी बल्लेबाज प्रभाव नहीं छोड़ पाए. कप्तान ने कहा कि टीम को बल्लेबाजी में काफी सुधार करना होगा.
खराब फील्डिंग बनी परेशानी
फातिमा सना ने फील्डिंग को भी हार की बड़ी वजह बताया. उन्होंने कहा कि मैच के दौरान कई अहम कैच छोड़े गए, जिससे भारत को अतिरिक्त मौके मिले. कप्तान ने खास तौर पर सीनियर खिलाड़ियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि अनुभवी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहती है. उनके मुताबिक, जब आसान मौके हाथ से निकल जाते हैं तो मैच का रुख बदल जाता है. भारत की बल्लेबाजों ने मिले मौकों का पूरा फायदा उठाया और बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया. फातिमा ने माना कि गेंदबाजी और फील्डिंग दोनों विभागों में टीम को ज्यादा मेहनत करने की जरूरत है.
Also Read
- हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ टी20 वर्ल्ड कप में बनीं भारत की नंबर-1 क्वीन
- INDW vs PAKW T20 World Cup: एजबेस्टन में गूंजा हिंदुस्तान, टीम इंडिया ने पाकिस्तान को बुरी तरह रौंदा, दीप्ति ने चटकाए 5 विकेट
- IND vs PAK Women's T20 WC: एजबेस्टन में टॉस के वक्त हुआ बड़ा ड्रामा, हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तानी कप्तान ने नहीं मिलाया हाथ
युवा टीम से उम्मीद
हार के बावजूद पाकिस्तान की कप्तान ने अपनी टीम का मनोबल बढ़ाने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं और उन्हें बड़े मंच पर खेलने का अनुभव मिल रहा है. फातिमा का मानना है कि यह हार खिलाड़ियों को बहुत कुछ सिखाएगी. उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले मुकाबलों में टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी. दूसरी ओर भारत ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की है और अपने इरादे साफ कर दिए हैं.