menu-icon
India Daily

राम मंदिर दान विवाद के बाद बड़ा फैसला, चढ़ावे की गिनती के लिए बने नए सख्त नियम

राम जन्मभूमि मंदिर में दान से जुड़ी कथित गड़बड़ी के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दान की गिनती और सुरक्षा के लिए नए नियम लागू किए हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
राम मंदिर दान विवाद के बाद बड़ा फैसला, चढ़ावे की गिनती के लिए बने नए सख्त नियम
Courtesy: Pinterest

अयोध्या: अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित गड़बड़ी के मामले के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दान की गिनती और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए दिशा निर्देश लागू कर दिए हैं. इन नियमों का उद्देश्य दान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाना है.

नई व्यवस्था के अनुसार अब मंदिर में प्राप्त दान की गिनती प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित समय के भीतर ही की जाएगी. इसके साथ ही दान की गिनती के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को पहले से अधिक मजबूत किया जाएगा. कर्मचारियों द्वारा दान और उससे संबंधित प्रक्रियाओं को संभालने के लिए भी स्पष्ट नियम तय किए गए हैं ताकि भविष्य में किसी तरह की अनियमितता की संभावना कम हो सके.

जांच के दौरान क्या हुआ बरामद?

इस बीच दान में कथित गबन के मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम ने कई महत्वपूर्ण बरामदगी की है. पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर छापेमारी की गई, जिसमें नकदी, सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और एक कार बरामद की गई है.

जांच में क्या आया सामने?

जांच में सामने आया कि आरोपी अनुकल्प मिश्रा के पास से 20 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, मोबाइल फोन और एक कार बरामद हुई. इसके अलावा आरोपी लवकुश मिश्रा से 38 हजार रुपये नकद और एक सोने का लॉकेट बरामद किया गया, जबकि करुणेश पांडे के पास से 15 हजार रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई है. जांच एजेंसियों ने आरोपियों के बैंक लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी जुटाए हैं, जिनकी मदद से कथित रूप से चोरी की रकम को वैध दिखाने के प्रयासों की जांच की जा रही है.

विशेष जांच टीम की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार बीते 45 दिनों में दान चोरी के लगभग 70 प्रयास किए गए, जिनकी तस्वीरें सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुईं. रिपोर्ट में कर्मचारियों की निगरानी में कमी और निर्धारित मानक प्रक्रियाओं का पालन नहीं होने को प्रमुख कारण बताया गया है.