menu-icon
India Daily

गाजियाबाद में सौतेली मां बनी हैवान: 3 साल की मासूम वंशिका की गला दबाकर हत्या, वजह भी बताई

गाजियाबाद के वेवसिटी इलाके में सौतेली मां ने 3 साल की मासूम वंशिका की गला दबाकर हत्या कर दी. बच्ची की शरारत से नाराज होकर आरोपी महिला ने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

Dhiraj Kumar Dhillon
गाजियाबाद में सौतेली मां बनी हैवान: 3 साल की मासूम वंशिका की गला दबाकर हत्या, वजह भी बताई
Courtesy: pinterest

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. लोग घटना के बारे में सुनकर कानों पर हाथ धरने को मजबूर ‌हो गए, लोगों को सवाल है कि क्या कोई मां इतनी निर्दयी हो सकती है? दरअसल गाजियाबाद के वेवसिटी इलाके में रहने वाली एक महिला ने तीन साल की सौतेली बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी.

बेटी की गलती यह थी कि वह शरारत कर रही थी, तीन साल की इस मासूम पर महिला को इतना गुस्सा आया कि उसने गला दबाकर उसे मौत की नींद सुला दिया. उसके बाद महिला ने अपने पति को मामले की जानकारी दी. बच्ची का पिता उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

सौतेली मां ने बताया- वह वंशिका को पसंद नहीं करती थी

तीन साल की इस अभागी मासूम का नाम था- वंशिका. शनिवार रात में वंशिका की शरारत उसकी जान पर भारी पड़ गई. सौतेली मां प्रियंका ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रियंका को हिरासत में ले लिया है. पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने बताया ‌कि वह सौतेली बेटी को पसंद नहीं करती थी. इसलिए शरारत करने पर उसने बच्ची को इतनी कठोर सजा दे डाली. दरअसल वंशिका के पिता ने पहली पत्नी से अलग होने के बाद दूसरी शादी कर ली थी और अपने दोनों बच्चों के साथ प्रियंका के साथ रहने लगा. 

असली मां को खोज रही है गाजियाबाद पुलिस

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बच्ची की असली मां से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उसके  बयान दर्ज करने के कानूनी कार्रवाई की जा सके. पुलिस को अभी तक बच्ची की असली मां से संपर्क के लिए सही जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस ने उसके लिए प्रयास जारी रखे हुए हैं.

पुलिस का कहना है कि मासूम को न्याय दिलाने के लिए आरोपी महिला के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि कोर्ट में महिला का दोष सिद्ध किया जा सके.