menu-icon
India Daily

आज पीएम मोदी करेंगे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन; जानें क्या है पूरा प्लान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे. यह एयरपोर्ट एनसीआर का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा और इससे कनेक्टिविटी, निवेश और रोजगार में बड़ा बढ़ावा मिलेगा.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
आज पीएम मोदी करेंगे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन; जानें क्या है पूरा प्लान
Courtesy: @radheka811600 x account

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे. यह प्रोजेक्ट देश के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है और इससे दिल्ली एनसीआर की कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिलेगा.

करीब 11200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एयरपोर्ट एनसीआर का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा, जो इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद करेगा. दोनों एयरपोर्ट मिलकर एक इंटीग्रेटेड एविएशन सिस्टम के रूप में काम करेंगे और यात्रियों को बेहतर सुविधा देंगे.

क्या है पूरी प्लानिंग?

प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तय समय के अनुसार सुबह लगभग 11:30 बजे जेवर पहुंचने का है. यहां वे सबसे पहले टर्मिनल बिल्डिंग का निरीक्षण करेंगे और एयरपोर्ट की आधुनिक सुविधाओं का जायजा लेंगे. इसके बाद दोपहर करीब 12:00 बजे वे एयरपोर्ट का औपचारिक उद्घाटन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे.

इस एयरपोर्ट के शुरू होने के साथ ही उत्तर प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बन जाएगा जहां 5 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे होंगे. इससे राज्य में निवेश के अवसर बढ़ेंगे और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे.

किस मॉडल पर बनाया गया है?

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप यानी PPP मॉडल पर विकसित किया गया है. पहले चरण में इसकी क्षमता सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 7 करोड़ यात्रियों तक किया जा सकेगा. यह एयरपोर्ट उत्तर भारत के बड़े एविएशन हब के रूप में विकसित होने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.

एयरपोर्ट में 3900 मीटर लंबा रनवे बनाया गया है जो बड़े विमानों के संचालन के लिए सक्षम है. यहां आधुनिक नेविगेशन सिस्टम और एडवांस लाइटिंग सिस्टम लगाए गए हैं, जिससे हर मौसम में 24 घंटे उड़ान संचालन संभव होगा.

और क्या है इसमें खास?

इसके अलावा इस एयरपोर्ट को एक बड़े कार्गो हब के रूप में भी तैयार किया गया है. यहां मल्टी मॉडल कार्गो टर्मिनल और लॉजिस्टिक्स जोन बनाए गए हैं. शुरुआत में यह हर साल 2.5 लाख मीट्रिक टन कार्गो संभाल सकेगा और भविष्य में इसकी क्षमता 18 लाख मीट्रिक टन तक बढ़ाई जाएगी.

एयरपोर्ट का डिजाइन पर्यावरण के अनुकूल रखा गया है और इसे नेट जीरो उत्सर्जन के लक्ष्य के साथ विकसित किया गया है. इसमें भारतीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिलती है, जिसमें पारंपरिक वास्तुकला का उपयोग किया गया है.

उद्घाटन कार्यक्रम के चलते नोएडा और ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है. सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक कई सड़कों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी.