इंडी गठबंधन का चैप्टर क्लोज! पंकज चौधरी बोले- सपा-कांग्रेस जनता पर बोझ, परिवारवाद और निजी स्वार्थ हावी
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने इंडी गठबंधन को खत्म होता अध्याय बताया. उन्होंने सपा-कांग्रेस पर परिवारवाद, निजी स्वार्थ, आपसी खींचतान और विकास के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया.
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि अब इस गठबंधन का चैप्टर क्लोज हो चुका है. उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस को जनता पर बोझ बताते हुए आरोप लगाया कि गठबंधन में विकास के बजाय परिवारवाद और निजी स्वार्थ की राजनीति हावी है.
विकास नहीं, सत्ता की हिस्सेदारी की चिंता
पंकज चौधरी ने कहा कि इंडी गठबंधन में शामिल दलों के पास न तो उत्तर प्रदेश के विकास को लेकर कोई स्पष्ट सोच है और न ही जनता के हितों से जुड़ा साझा एजेंडा. इन दलों की राजनीति सत्ता में हिस्सेदारी, परिवारवाद और निजी फायदे तक सीमित रह गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि जनसेवा की जगह परिवारवाद और विकास की जगह राजनीतिक बंटवारे को प्राथमिकता दी जा रही है.
Also Read
चुनाव से पहले ही आपस में उलझे विपक्षी दल
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गठबंधन के दलों के बीच आपसी विश्वास और तालमेल की कमी है. जो नेता चुनाव से पहले ही सीटों, नेतृत्व और हिस्सेदारी को लेकर एकमत नहीं हो पा रहे हैं, वे चुनाव के बाद सरकार कैसे चलाएंगे? उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे दल जनता के सामने विकास का साझा रोडमैप कैसे पेश करेंगे.
किसानों और युवाओं के नाम पर चुनावी वादे
चौधरी ने आरोप लगाया कि किसान, मजदूर, युवा, मध्यम वर्ग, महिलाएं और व्यापारी विपक्षी दलों के एजेंडे में शामिल नहीं हैं. इन वर्गों के नाम पर केवल चुनावी वादे किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि उनका गठबंधन जनता के भविष्य के लिए है या अपने परिवारों और निजी स्वार्थों को पूरा करने के लिए.
विपक्ष से मांगा पिछले शासन का हिसाब
बीजेपी नेता ने कहा कि जनता केवल नारों पर नहीं, बल्कि काम और जवाबदेही पर भरोसा करती है. उनके मुताबिक, बीजेपी की डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जबकि विपक्षी दल आपसी खींचतान में उलझे हैं. उन्होंने सपा-कांग्रेस से अपने पिछले शासन का हिसाब देने और रोजगार, विकास व जनकल्याण पर ठोस योजना बताने की मांग की.