पुणे में तेज रफ्तार ट्रक ने बस स्टॉप पर छात्रों को कुचला, 3 की मौत 6 घायल; CCTV में कैद हुई घटना
पुणे में तेज रफ्तार ट्रक ने बस स्टॉप पर खड़े छात्रों को कुचल दिया. हादसे में तीन छात्रों की मौत हो गई. हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है.
महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. यहां बस स्टॉप पर बस का इंतजार कर रहे छात्रों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया. हादसे में तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
ओवरटेक करते समय बेकाबू हुआ ट्रक
सीसीटीवी फुटेज में एक सफेद रंग का ट्रक तेज रफ्तार से दूसरे वाहनों को ओवरटेक करता दिखाई दे रहा है. इसी दौरान चालक ने ट्रक को सड़क किनारे मोड़ दिया, जहां कई छात्र बस स्टॉप पर खड़े थे. ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और फिर बिना रुके मौके से फरार हो गया.
Also Read
ऑटो रिक्शा भी हुआ हादसे का शिकार होते-होते बचा
टक्कर के बाद ट्रक कुछ समय के लिए असंतुलित हो गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका. इसी दौरान पास चल रहा एक ऑटो रिक्शा भी बेकाबू हो गया. सामने से आ रही कार के चालक ने समय रहते ब्रेक लगाकर दूसरी दुर्घटना टाल दी. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे.
हादसे की जांच जारी
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्रों को टक्कर मारने से पहले ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा था. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. घायलों की स्थिति और ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है.