'15 साल साथ रह कर...', नोएडा में गर्लफ्रेंड को शूट करने के बाद युवक ने कार में छोड़ा रूह कंपा देनेवाला सुसाइड नोट

नोएडा के सेक्टर 107 में वैलेंटाइन डे पर एक कार के भीतर प्रेमी युगल के शव मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस के अनुसार प्रेम संबंध में मिले धोखे के कारण युवक ने युवती की हत्या कर खुदकुशी कर ली.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नोएडा: प्यार के त्योहार वैलेंटाइन डे पर नोएडा के सेक्टर 107 से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. दादरी रोड पर खड़ी एक कार के भीतर शनिवार सुबह एक प्रेमी जोड़े के लहूलुहान शव बरामद हुए. पुलिस की शुरुआती तफ्तीश इस घटना को हत्या और फिर आत्महत्या का मामला मान रही है. 15 साल पुराने रिश्ते में आए बिखराव और धोखे की भावना ने इस प्रेम कहानी का बेहद खौफनाक और हिंसक अंत कर दिया. इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है.

नोएडा के सेक्टर 39 थाना क्षेत्र के दादरी रोड पर पिलर नंबर 84 के पास शनिवार सुबह एक संदिग्ध कार खड़ी मिली. जब राहगीरों ने पास जाकर देखा तो कार के अंदर एक युवक और युवती के शव पड़े थे. दोनों के सिर में गोली लगी थी और खून पूरी कार में फैला हुआ था. सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. कार अंदर से पूरी तरह लॉक थी, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खोला.

प्यार, धोखा और सुसाइड नोट 

जांच के दौरान पुलिस को मृतक युवक के पास से एक सुसाइड नोट और व्हाट्सएप संदेश मिला है. इसमें 31 वर्षीय युवक ने अपनी मौत का जिम्मेदार 26 वर्षीय रेखा को ठहराया है. उसने लिखा कि वे पिछले 15 सालों से प्रेम संबंध में थे. रेखा ने उससे शादी का वादा किया था, लेकिन हाल ही में उसे पता चला कि वह किसी और से शादी करने जा रही है. इस विश्वासघात को युवक बर्दाश्त नहीं कर पाया और उसने इस वारदात को अंजाम दिया.

पुलिस की प्रारंभिक तफ्तीश 

अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह ने बताया कि युवक के हाथ में पिस्टल मिली है और कार अंदर से बंद थी. प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट है कि युवक ने पहले युवती के सिर में गोली मारी और फिर उसी हथियार से खुद को भी उड़ा लिया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मृत्यु के सही समय का पता चल सके. मृतकों की पहचान दिल्ली के त्रिलोकपुरी और नोएडा सेक्टर 58 के निवासियों के रूप में हुई है.

लापता थे दोनों 

परिवार से मिली जानकारी के अनुसार यह प्रेमी जोड़ा शुक्रवार से ही अपने-अपने घरों से लापता था. परिजनों ने उनकी काफी तलाश की और अंततः पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी. दोनों के परिवार इस बात से बिल्कुल अनजान थे कि उनके बच्चों के बीच का विवाद इस खूनी अंजाम तक पहुंच जाएगा. वैलेंटाइन डे मनाने के बहाने घर से निकली यह जोड़ी अगले दिन मृत पाई गई. अब दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.