नोएडा मेट्रो विस्तार को कैबिनेट की मंजूरी, गौर सिटी तक पहुंचेगी एक्वा लाइन; जानें नए स्टेशन
केंद्रीय कैबिनेट ने नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक एक्वा लाइन विस्तार को मंजूरी दी है. 2,390 करोड़ रुपये की इस परियोजना में पांच नए स्टेशन बनेंगे.
नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों के लिए अच्छी खबर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के विस्तार को मंजूरी दे दी है. इससे गौर सिटी समेत ग्रेटर नोएडा वेस्ट के कई इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी.
8.449 किलोमीटर लंबा होगा मेट्रो कॉरिडोर
इस परियोजना के तहत नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक 8.449 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा. इस पर कुल पांच एलिवेटेड स्टेशन होंगे. परियोजना की अनुमानित लागत 2,390 करोड़ रुपये है और इसे चार साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
इन पांच जगहों पर बनेंगे स्टेशन
नए कॉरिडोर पर नोएडा सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 में स्टेशन बनाए जाएंगे. सेक्टर-61 स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी, जिससे यात्री दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से भी जुड़ सकेंगे.
Also Read
गौर सिटी समेत इन इलाकों को फायदा
परियोजना पूरी होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा का सक्रिय मेट्रो नेटवर्क 71.878 किलोमीटर हो जाएगा. इससे गौर सिटी, ब्लू सफायर मॉल और एचएंडएस मॉल जैसे व्यावसायिक केंद्रों तक पहुंच आसान होगी. टेक महिंद्रा और टीसीएल जैसी कंपनियों, स्कूलों और कैलाश, क्लाउड9 व रामा अस्पताल जैसे चिकित्सा केंद्रों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.