कुलगाम में CRPF नाके पर आतंकी हमला, 15 सेकंड में 30 से ज्यादा गोलियां दागीं; CCTV वीडियो आया सामने
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बाइक सवार हमलावरों ने CRPF नाके पर फायरिंग की. इस हमले में तीन जवान घायल हो गए. सामने आए CCTV फुटेज में 15 सेकंड में 30 से ज्यादा गोलियां चलती दिखीं.
कुलगाम जिले में बुधवार को दिनदहाड़े CRPF के नाके पर हमला हुआ. बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने सुरक्षाकर्मियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. इस हमले में तीन जवान घायल हुए हैं. घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महज 15 सेकंड में 30 से ज्यादा गोलियां चलने की आवाज सुनाई दे रही है.
दोपहर 2:15 बजे हुआ हमला
CRPF के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे कुलगाम में नाके पर तैनात जवानों पर बाइक सवार हमलावरों ने अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. CCTV फुटेज में जवान ड्यूटी करते दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, हमलावर कैमरे में नजर नहीं आ रहे हैं. गोलीबारी के बाद वे फरार हो गए. सुरक्षा बलों ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया.
Also Read
तीन जवान घायल, एक की हालत गंभीर
घायल जवानों को अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनकी पहचान राकेश दास, संतोष चंद्रू और सोमवीर सिंह के रूप में हुई है.
दो जवानों की हालत स्थिर
असम निवासी राकेश दास के पैर में गोली लगी है. उनकी हालत स्थिर है. मध्य प्रदेश के रहने वाले सोमवीर सिंह के बाएं हाथ में गोली लगी है और उनकी स्थिति भी स्थिर बताई गई है.
संतोष चंद्रू की हालत गंभीर
पश्चिम बंगाल निवासी संतोष चंद्रू के पेट और रीढ़ की हड्डी में गोली लगी है. उन्हें ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. शुरुआत में दो जवानों के घायल होने की खबर आई थी, लेकिन बाद में तीन जवानों के घायल होने की पुष्टि हुई.