Commonwealth Games 2026

रेप किया...सिगरेट से जलाया...नशे के इंजेक्शन देकर बार-बार की दरिंदगी, NEET की छात्रा की आपबीती सुनकर रूह कांप जाएगी

महोबा में नीट छात्रा का अपहरण कर बंधक बनाने और उसके साथ दरिंदगी करने के मामले ने इलाके में दहशत फैला दी है. पीड़िता को 16 दिन बाद पुलिस ने बरामद कर लिया है.

pintrest
Kuldeep Sharma

महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा का अपहरण कर उसके साथ दरिंदगी की गई. मध्य प्रदेश की रहने वाली यह छात्रा महोबा में रहकर कोचिंग कर रही थी. पुलिस के मुताबिक वह 30 अप्रैल को कोचिंग से घर लौटते वक्त अचानक लापता हो गई थी. करीब 16 दिनों के बाद पुलिस ने उसे बरामद तो कर लिया लेकिन वह जिस हालत में मिली है उसने सबको झकझोर कर रख दिया है.

पीड़िता ने सुनाई आपबीती

अस्पताल में भर्ती पीड़िता ने बताया कि उसके ही गांव के मोहित श्रीवास नाम के युवक ने अपने साथियों अंकित श्रीवास, हल्लू राजपूत और अन्य के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया था. आरोपी उसे बंधक बनाकर प्रयागराज ले गए थे. छात्रा का आरोप है कि वहां उसे हर कुछ घंटों में नशे के इंजेक्शन दिए जाते थे और उसके साथ दरिंदगी की जाती थी.

पीड़िता ने बताया कि जब भी उसने विरोध करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे सिगरेट से जलाया और चाकू से हमला कर बेरहमी से प्रताड़ित भी किया. इतना ही नहीं आरोपियों ने उसके भाई की फोटो दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी ताकि वह चुप रहे. मुख्य आरोपी ने डरा-धमकाकर जबरन उससे शादी भी कर ली.


लोगों में आक्रोश का माहौल

इस खौफनाक घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा और डर का माहौल बन गया है. पीड़िता फिलहाल पुलिस सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल में भर्ती है और गहरे सदमे में है. डॉक्टरों का कहना है कि उसका मेडिकल टेस्ट करा लिया गया है लेकिन शारीरिक और मानसिक चोटों के कारण उसे अभी डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है.

इस मामले पर उत्तर प्रदेश में सियासत भी गरमा गई है. मामले पर कांग्रेस ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेरा है. पार्टी नेताओं ने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने और पीड़िता को बेहतर इलाज मुहैया कराने की मांग भी की है. कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही पीड़िता और उसके परिवार से मिलने महोबा जा सकता है. वहीं गंभीर रूप से ट्रामा में जी रही पीड़िता ने सरकार और प्रशासन से सभी आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है.