नोएडा की ट्विशा शर्मा की भोपाल में हुई मौत के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है. कथित दहेज हत्या के इस मामले में अब एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसने पूरी घटनाक्रम को एक नया मोड़ दे दिया है. इस वीडियो में ट्विशा शर्मा अपनी मौत से कुछ समय पहले घर की छत की तरफ सीढ़ियों से ऊपर जाती हुई दिखाई दे रही हैं. इस फुटेज के सार्वजनिक होने के बाद से पुलिस और विशेष जांच दल (SIT) की तफ्तीश और तेज हो गई है.
इस विशेष फुटेज में देखा जा सकता है कि ट्विशा अकेले ही सीढ़ियों के सहारे ऊपर छत की तरफ जा रही हैं. इसके ठीक एक घंटे बाद उनके पति समर्थ सिंह और दो अन्य व्यक्ति उनके बेसुध शरीर को सीढ़ियों से नीचे लाते हुए दिखाई दे रहे हैं. फुटेज में यह भी नजर आ रहा है कि शव को नीचे लाने के तुरंत बाद सीढ़ियों पर ही ट्विशा को सीपीआर (CPR) देकर बचाने की कोशिश की जा रही थी.
ट्विशा के मायके पक्ष ने इस सीसीटीवी फुटेज को लेकर पुलिस के सामने एक अहम बात रखी है. परिवार का कहना है कि सीसीटीवी सिस्टम के समय और तारीख में एक तकनीकी खराबी है. फुटेज में जो तारीख दिखाई दे रही है वह गलत है; असल में यह वीडियो 10 मई का नहीं बल्कि 12 मई का है, जिस दिन ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी. पुलिस अब इस तकनीकी पहलू की भी बारीकी से फॉरेंसिक जांच कर रही है.
VIDEO | Twisha Sharma death case: CCTV footage surfaces showing her last moments while being given CPR.
— Press Trust of India (@PTI_News) May 18, 2026
(Source: Third Party)
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/XI3ZvCRV0y
घटना के बाद से ही मृतका का पति समर्थ सिंह लगातार फरार चल रहा है. इस मामले में एसीपी रजनीश कश्यप कौल ने बताया कि आरोपी समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह विशेष टीमें अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस ने आरोपी पर 10,000 रुपये का नकद इनाम भी घोषित कर दिया है. इसके साथ ही उसके देश से भागने की आशंका को देखते हुए पासपोर्ट कार्यालय को भी पत्र भेजा गया है.
इस बीच भोपाल की एक स्थानीय अदालत ने मुख्य आरोपी समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी करने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है. वहीं दूसरी तरफ, मामले की सह-आरोपी और समर्थ की मां, जो एक सेवानिवृत्त जज हैं, को पहले ही अदालत से अग्रिम जमानत मिल चुकी है. एम्स भोपाल की शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फंदे पर लटकने से आत्महत्या बताई गई है, लेकिन मायके पक्ष इसे हत्या मान रहा है.
दूसरी तरफ, समर्थ सिंह की जमानत याचिका के जरिए इस पूरे मामले में कई विवादित दावे भी सामने आए हैं. याचिका में आरोप लगाया गया है कि ट्विशा मानसिक रूप से परेशान थीं और उनका मनोरोग का इलाज चल रहा था. इसके साथ ही उसमें यह भी दावा किया गया है कि वे नशे की आदी थीं और नशा न मिलने पर उनके हाथ कांपने लगते थे. हालांकि, पीड़ित परिवार इन सभी आरोपों को मनगढ़ंत और गुमराह करने वाला बता रहा है.