menu-icon
India Daily

'मैं अब नहीं बचूंगी...', संभल में सो रही विधवा महिला को घर में घुसकर जिंदा जलाया; मंजर देख कांप उठा पूरा गांव

संभल के रसूलपुर गांव में विधवा महिला अनेकश्री को कथित तौर पर डीजल डालकर जिंदा जला दिया गया. दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'मैं अब नहीं बचूंगी...', संभल में सो रही विधवा महिला को घर में घुसकर जिंदा जलाया; मंजर देख कांप उठा पूरा गांव
Courtesy: Pinterest

संभल: संभल जिले के गुन्नौर थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है. रसूलपुर गांव में 44 वर्षीय विधवा महिला अनेकश्री को कथित तौर पर जिंदा जलाकर मार दिया गया. गंभीर रूप से झुलसी महिला की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. 

जानकारी के मुताबिक घटना देर रात की है जब कुछ हमलावर दीवार फांदकर महिला के घर में घुस आए. उस समय अनेकश्री अपने घर में सो रही थीं. आरोप है कि हमलावरों ने पहले महिला को पकड़कर दूसरे कमरे में ले जाकर बेरहमी से पीटा. इसके बाद उनका मुंह कपड़े से बांध दिया ताकि वह मदद के लिए चिल्ला न सकें. फिर आरोपियों ने उन पर डीजल डालकर आग लगा दी.

परिजनों ने क्या बताया?

आग की लपटों और चीखों की आवाज सुनकर महिला का 15 वर्षीय बेटा जाग गया. परिवार के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे. गंभीर हालत में महिला को तुरंत गुन्नौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया. बाद में बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

मामले में सबसे अहम मोड़ महिला के मृत्युपूर्व बयान से आया. पुलिस और मजिस्ट्रेट के सामने दिए गए बयान में अनेकश्री ने मुख्य आरोपी का नाम लेते हुए कहा, 'मैं अब नहीं बचूंगी, श्यौराज तेरा नाश होगा.' महिला के इस बयान के बाद पुलिस जांच की दिशा स्पष्ट हो गई है.

संभल के पुलिस अधीक्षक ने क्या बताया?

कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि पीड़िता के डाइंग डिक्लेरेशन के आधार पर मुख्य आरोपी श्यौराज समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

घटना के बाद गांव में भारी तनाव का माहौल है. स्थानीय लोगों में इस वारदात को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.

पुलिस प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश, संपत्ति विवाद या कोई अन्य वजह थी.