NEET परीक्षार्थियों को राहत, किराए में मिलेगी 50% छूट; परिवहन विभाग ने किए विशेष इंतजाम

नीट 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों छात्रों की सुविधा के लिए रेलवे और परिवहन विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं. प्रयागराज से गोरखपुर के बीच स्पेशल परीक्षा ट्रेन चलाई जाएगी, जबकि रोडवेज बसों में एडमिट कार्ड दिखाने पर परीक्षार्थियों को 50 प्रतिशत किराया छूट मिलेगी.

Pinterest
Shanu Sharma

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए रेलवे और परिवहन विभाग ने विशेष सुविधाओं की घोषणा की है. लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परीक्षा को देखते हुए यात्रा व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त ट्रेनें, बस सेवाएं और किराये में छूट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. 

पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रयागराज रामबाग और गोरखपुर के बीच विशेष अनारक्षित परीक्षा ट्रेन चलाने का फैसला किया है. रेलवे द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार गाड़ी संख्या 05162, 20 और 21 जून को रात 8 बजे प्रयागराज रामबाग स्टेशन से रवाना होगी और अगले दिन सुबह लगभग 9 बजे गोरखपुर पहुंचेगी.

कई प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

रेलवे द्वारा चलाया जा रहा यह विशेष ट्रेन उन छात्रों के लिए बड़ी राहत साबित होगी जिन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है. अनारक्षित सुविधा होने के कारण अधिक संख्या में छात्र इसका लाभ उठा सकेंगे. रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन रास्ते में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी. इनमें बनारस, वाराणसी, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा और थावे जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं.


इससे पूर्वांचल और आसपास के जिलों के छात्रों को भी यात्रा में सुविधा मिलेगी. रेलवे ने केवल विशेष ट्रेन चलाने तक ही अपने प्रयास सीमित नहीं रखे हैं, बल्कि कुछ नियमित ट्रेनों में भी अतिरिक्त ठहराव की व्यवस्था की गई है. वाराणसी सिटी स्टेशन पर कुछ ट्रेनों को अस्थायी रूप से अतिरिक्त स्टॉपेज दिया गया है ताकि परीक्षार्थियों की आवाजाही आसान हो सके.

भीड़ को संभालने के लिए रेलवे की विशेष तैयारी

नीट परीक्षा के दौरान प्रयागराज और कानपुर जैसे प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने की संभावना है. अनुमान है कि इन दोनों शहरों में लगभग 42 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देने आएंगे. इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त रैक और कोच तैयार रखे हैं. जरूरत पड़ने पर इन अतिरिक्त रैक को तत्काल ट्रैक पर उतारा जाएगा ताकि भीड़ का दबाव कम किया जा सके और यात्रियों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े. रेलवे के साथ-साथ परिवहन विभाग ने भी छात्रों को राहत देने के लिए विशेष योजना बनाई है. रोडवेज बसों के अतिरिक्त फेरे चलाने के साथ-साथ परीक्षार्थियों को किराये में 50 प्रतिशत की छूट देने का फैसला किया गया है.