'नवरात्रि-रमजान साथ मनाए जा रहे, कोई दंगा नहीं'. सीएम योगी ने गिनाईं 9 साल की उपलब्धियां

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी सरकार के 9 साल पूरे होने पर कहा कि अब नवरात्रि और रमजान शांति से मनाए जा रहे हैं. कोई दंगा या कर्फ्यू नहीं. 9.12 लाख करोड़ का बजट, बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश से प्रदेश बदला है.

ani
Kuldeep Sharma

लखनऊ में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के नवनिर्माण के 9 वर्ष पूरे होने पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया. इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के प्रयासों से हुए बदलाव की बात की. सीएम ने बताया कि आज प्रदेश में त्योहार बिना किसी तनाव के मनाए जा रहे हैं. 9.12 लाख करोड़ के बजट से विकास की रफ्तार बढ़ी है. उन्होंने पुरानी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले दंगों का डर रहता था, लेकिन अब शांति और सुरक्षा का माहौल है.

शांति का नया माहौल

योगी ने कहा कि अब नवरात्रि और रमजान एक साथ शालीनता से मनाए जा रहे हैं. पहले दंगों और कर्फ्यू का साया रहता था. आज कोई अराजकता नहीं दिखती. जीरो टॉलरेंस नीति से कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है. पीएसी की 34 कंपनियां फिर से सक्रिय की गईं और तीन महिला बटालियन बनाई गईं.

भ्रष्टाचार पर सख्ती

सीएम ने बताया कि 9 साल पहले भर्तियों में भ्रष्टाचार के आरोप लगते थे. नौजवानों को पहचान का संकट था. अब पारदर्शी व्यवस्था है. सिंगापुर और जापान में भी यूपी की जीरो टॉलरेंस नीति की तारीफ हो रही है. उद्यमी निवेश के लिए उत्सुक हैं. प्रदेश में अब 16 घरेलू और 4 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं. जेवर में देश का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा तैयार है. योगी ने प्रधानमंत्री को 28 मार्च को इसके उद्घाटन के लिए आमंत्रित करने की घोषणा की. इससे यूपी की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी.

किसानों-नौजवानों का बदला हाल

पहले किसान आत्महत्या करते थे और नौजवान हताश रहते थे. भर्ती के समय वसूली की खबरें आती थीं. अब पारदर्शी प्रक्रिया से सब बदल गया है. 9.12 लाख करोड़ का बजट विकास का इंजन बना है. किसान और युवा दोनों को नई उम्मीद मिली है. 2017 से पहले निवेशक नहीं आते थे क्योंकि सुरक्षा और नीति की कमी थी. अब लैंड बैंक और साफ नियत से 31,000 बड़े उद्योग लगे हैं. 96 लाख एमएसएमई यूनिट्स में 3.11 करोड़ से ज्यादा लोग काम कर रहे हैं. बड़े उद्योगों में भी 65 लाख से अधिक रोजगार है.

नोएडा की मिसाल

योगी ने कहा कि पहले लोग नोएडा जाने से डरते थे, कुर्सी जाने का भय था. लेकिन उन्होंने नोएडा जाकर बैरियर हटाए. कुर्सी की चिंता नहीं, प्रदेश के विकास को प्राथमिकता दी. आज यूपी इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश का मजबूत केंद्र बन गया है.