उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा के कैनाल नगर इलाके में एक जन्मदिन की पार्टी के दौरान अंधाधुंध गोलीबारी में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी. जीतू नाम के एक युवक ने शनिवार को जिम में अपना जन्मदिन मना रहा था. पार्टी के दौरान, जीतू और मनीष नाम के एक युवक के बीच केक लगाने को लेकर कहासूनी हो गई. जीतू ने गुस्से में आकर मनीष, उसके चचेरे भाई अमरदीप और आकाश पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं. इस मामले में पुलिस ने बर्थडे बॉय जीतू सैनी को एनकाउंटर में मार गिराया.
गुरुवार सुबह 5 बजे पुलिस ने स्कूटी सवार जीतू और एक और बदमाश को रोका. जीतू ने पहले भागने की कोशिश की. फिर उसने पुलिस की एक ना सुनी और ताबतोड़ फायरिंग कर दी. जवाबी फायरिंग में जीतू को तीन गोलियां लग गईं. इसके बाद उसके अस्तपाल ले जाया गया. जिला अस्पताल में इलाज के दौरान जीतू की मौत हो गई.
मुठभेड़ जिला मुख्यालय से 35 किमी दूर खुर्जा थाना क्षेत्र में हुई. ट्रिपल मर्डर के बाद पुलिस ने जीतू पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था. जीतू 2017 में बसपा का नगर अध्यक्ष रह चुका था. 5 साल पहले बॉडी बिल्डिंग में मिस्टर यूपी का सेकेंड रनर-अप का खिताब भी जीत चुका था.
दरअसल, 25 अप्रैल की रात RJS फिटनेस जिम में जीतू की बर्थडे पार्टी चल रही थी. पुलिस के मुताबिक, इस दौरान दोस्त अमरदीप ने जीतू के चेहरे पर केक लगा दिया था. इससे वह भड़क गया और उसने गोलियां बरसा दीं. इसमें तीन लोगों की मौत हो गई.
मरने वालों में भाजपा सभासद संजय सैनी के भाई मनीष (30), भतीजे आकाश (19) और चचेरे भाई अमरदीप (32) शामिल थे. पुलिस ने इस मामले में अब तक जीतू से पहले मयंक सैनी, रिंकू सैनी और भारत सैनी को एनकाउंटर में गोली मारकर पकड़ा था.