menu-icon
India Daily

दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर कांवड़ियों के लिए रिजर्व होगी एक लेन, मुरादाबाद में 31 जुलाई से बदलेगी पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था

मुरादाबाद में कांवड़ यात्रा के लिए 31 जुलाई से विशेष रूट डायवर्जन लागू होगा. सावन के प्रत्येक शुक्रवार से सोमवार तक भारी वाहनों का संचालन कई मार्गों पर बंद रहेगा. दिल्ली लखनऊ हाईवे की एक लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर कांवड़ियों के लिए रिजर्व होगी एक लेन, मुरादाबाद में 31 जुलाई से बदलेगी पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था
Courtesy: Chatgpt

मुरादाबाद: कांवड़ यात्रा को लेकर मुरादाबाद पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए 31 जुलाई से जिले में विशेष रूट डायवर्जन योजना लागू की जाएगी. सावन माह के प्रत्येक शुक्रवार से सोमवार तक यह व्यवस्था प्रभावी रहेगी. इस दौरान कई मार्गों पर भारी वाहनों के संचालन पर रोक रहेगी और जरूरत पड़ने पर हल्के वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा.

प्रशासन के अनुसार सावन के चारों सोमवार और शिवरात्रि के अवसर पर दिल्ली लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग और हरिद्वार मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन बंद रहेगा. कांवड़ियों की सुविधा के लिए दिल्ली लखनऊ हाईवे की एक लेन पूरी तरह उनके आवागमन के लिए आरक्षित रहेगी. इससे श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से कराई जा सकेगी.

क्या की गई है व्यवस्था?

डायवर्जन योजना के तहत शाहजहांपुर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को बदायूं, बबराला, नरौरा और बुलंदशहर के रास्ते भेजा जाएगा. वहीं मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन संभल, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर और हापुड़ होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे.

बरेली और रामपुर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को बिलारी, सिरसी, संभल, चौधरी सराय और गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते निकाला जाएगा. इसी तरह मुरादाबाद से मेरठ और दिल्ली जाने वाले वाहनों को गागन तिराहा, मनोटा, सिरसी, संभल, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर और हापुड़ के रास्ते भेजा जाएगा. आवश्यकता पड़ने पर हल्के वाहनों को भी इसी मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा.

दिल्ली और गाजियाबाद से रामपुर, बरेली तथा लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को हापुड़, सिंभावली, डिबाई, नरौरा और बदायूं के रास्ते भेजा जाएगा. वहीं बिजनौर और हरिद्वार की ओर जाने वाले भारी वाहन काशीपुर तिराहा, ठाकुरद्वारा, जसपुर, अफजलगढ़ और धामपुर होकर गुजरेंगे. हल्के वाहनों के लिए टीएमयू और अगवानपुर मार्ग का उपयोग किया जाएगा.

यातायात पुलिस ने क्या बताया?

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और यात्रा से पहले अपने मार्ग की जानकारी जरूर प्राप्त करें. इससे अनावश्यक जाम से बचा जा सकेगा और कांवड़ यात्रा भी सुचारु रूप से संचालित होगी.

एसपी यातायात सुभाषचंद्र गंगवार ने बताया कि रूट डायवर्जन 31 जुलाई से लागू होगा और सावन माह में प्रत्येक शुक्रवार से सोमवार तक प्रभावी रहेगा. पुलिस और प्रशासन पूरे मार्ग पर निगरानी रखेंगे ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.