कांवड़ यात्रा: यूपी और उत्तराखंड में सख्त नियम लागू, त्रिशूल-भाला बैन; नशा किया तो यात्रा खत्म
कांवड़ यात्रा 2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में नए दिशा निर्देश लागू किए गए हैं. कांवड़ की ऊंचाई तय कर दी गई है. हथियार, नशा, जुगाड़ वाहन और तेज आवाज वाले साइलेंसर पर सख्त रोक रहेगी
सावन की कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. उत्तराखंड की ओर से जारी दिशा निर्देशों को उत्तर प्रदेश में भी लागू किया जाएगा. खासकर मेरठ जोन में बड़ी संख्या में आने वाले शिवभक्तों को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है. प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्यवाही होगी और यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित बनाने पर विशेष जोर रहेगा.
कांवड़ की ऊंचाई और आकार पर रहेगा नियंत्रण
प्रशासन ने पैदल कांवड़, डाक कांवड़ और झांकियों की अधिकतम ऊंचाई तय कर दी है. पैदल कांवड़ छह फीट से ज्यादा ऊंची नहीं होगी, जबकि डाक कांवड़ और झांकी की ऊंचाई दस फीट से ज्यादा नहीं रखी जा सकेगी. बिजली लाइनों और अन्य दुर्घटनाओं से बचाव के लिए इन नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा.
हथियार, नशा और जुगाड़ वाहनों पर सख्त रोक
कांवड़ यात्रा के दौरान त्रिशूल, भाला, तलवार और अन्य नुकीले हथियार लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी. शराब या अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर यात्रा में शामिल होने वालों पर भी सख्त कार्यवाही की जाएगी. इसके साथ ही जुगाड़ वाहन और तेज आवाज वाले रेट्रो साइलेंसर वाले दोपहिया वाहनों पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा.
Also Read
- लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का आज होगा लोकार्पण, 14 जुलाई सुबह से दौड़ेंगे वाहन, पहले दिन से देना होगा टोल
- लखनऊ कानपुर एक्सप्रेस-वे उद्घाटन के चलते ट्रैफिक डायवर्जन, कई रास्तों पर भारी वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद
- UP Weather: बादलों ने बदला यूपी में मौसम का मिजाज, इन जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी
पहचान पत्र और यात्रा नियमों का पालन जरूरी
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान वैध पहचान पत्र साथ रखने की अपील की है. ट्रेन की छत पर बैठकर या लटककर यात्रा करने वालों के खिलाफ भी कार्यवाही होगी. अधिकारियों का कहना है कि इन नियमों का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यात्रा को व्यवस्थित बनाए रखना है.
मेरठ जोन में रहेगी विशेष निगरानी
मेरठ जोन में हर साल बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंचते हैं. इसे देखते हुए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है. यात्रा मार्गों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी और यातायात को सुचारु रखने के लिए विशेष रूट प्लान लागू होगा. प्रशासन का कहना है कि सभी श्रद्धालु नियमों का पालन करें ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से पूरी हो सके.