menu-icon
India Daily

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का आज होगा लोकार्पण, 14 जुलाई सुबह से दौड़ेंगे वाहन, पहले दिन से देना होगा टोल

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण 13 जुलाई को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे. एक्सप्रेसवे 14 जुलाई सुबह आठ बजे से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा और पहले दिन से ही टोल वसूली शुरू होगी.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का आज होगा लोकार्पण, 14 जुलाई सुबह से दौड़ेंगे वाहन, पहले दिन से देना होगा टोल
Courtesy: ANI

लखनऊ: लखनऊ और कानपुर के बीच सफर को तेज और सुविधाजनक बनाने वाला बहुप्रतीक्षित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे अब पूरी तरह तैयार है. सोमवार को होने वाले लोकार्पण कार्यक्रम के साथ इस परियोजना की औपचारिक शुरुआत होगी.

उद्घाटन समारोह में कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने भी स्पष्ट कर दिया है कि अगले दिन सुबह से एक्सप्रेसवे आम वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा और टोल संग्रह भी उसी समय से शुरू हो जाएगा.

उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे बड़े नेता

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे. उनके साथ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम उन्नाव में आयोजित होगा. उद्घाटन के बाद तीनों नेता एक्सप्रेसवे के रास्ते लखनऊ के लिए रवाना होंगे.

दिनभर रहेगा व्यस्त कार्यक्रम

राजनाथ सिंह सुबह लखनऊ पहुंचने के बाद सबसे पहले किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. इसके बाद वह सरकारी आवास जाएंगे और दोपहर में हेलीकॉप्टर से उद्घाटन स्थल पहुंचेंगे. शाम को सरोजनी नगर स्थित कैप्टन मनोज पांडे सैनिक स्कूल में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे.

14 जुलाई से आम लोगों के लिए खुलेगा मार्ग

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार एक्सप्रेसवे 14 जुलाई की सुबह आठ बजे से आम यातायात के लिए खोल दिया जाएगा. इसी समय से टोल शुल्क भी लागू हो जाएगा. इससे लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा पहले की तुलना में अधिक तेज और सुविधाजनक होने की उम्मीद है.

सफर के दौरान सुविधाओं का होगा निरीक्षण

उद्घाटन के बाद राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्सप्रेसवे से यात्रा करेंगे. इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी उन्हें मार्ग पर विकसित की जा रही वे साइड सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी देंगे. अधिकारियों का मानना है कि यह परियोजना क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगी.