menu-icon
India Daily

ठंडे बस्ते में गई शाहिद कपूर की 'ओ रोमियो', 6 दिनों में बॉक्स ऑफिस पर बटोरें बस इतने नोट

शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर ओ रोमियो ने छठे दिन 3.50 करोड़ रुपये की कमाई की है. मंगलवार को उछाल के बाद बुधवार को गिरावट देखी गई. फिल्म का कुल कलेक्शन 43.85 करोड़ पहुंचा है, जो बजट के मुकाबले कमजोर माना जा रहा है.

babli
Edited By: Babli Rautela
ठंडे बस्ते में गई शाहिद कपूर की 'ओ रोमियो', 6 दिनों में बॉक्स ऑफिस पर बटोरें बस इतने नोट
Courtesy: Social Media

मुंबई: इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों की कमाई में तेज उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है. सस्ते टिकट ऑफर की वजह से मंगलवार को अक्सर फिल्मों की कमाई में बढ़ोतरी दर्ज होती है, लेकिन अगले ही दिन रफ्तार धीमी पड़ जाती है. ओ रोमियो के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. सोमवार को फिल्म की कमाई घटी थी, जबकि मंगलवार को इसने 5.35 करोड़ रुपये जुटाकर थोड़ी मजबूती दिखाई. मगर यह तेजी ज्यादा समय तक कायम नहीं रह सकी.

ट्रेड आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को फिल्म का कलेक्शन गिरकर करीब 3.50 करोड़ रुपये पर आ गया. रिलीज के छह दिनों में ओ रोमियो ने कुल 43.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. यह आंकड़ा उन उम्मीदों से कम माना जा रहा है जो आमतौर पर पहले वीकेंड के बाद की जाती हैं.

बजट के मुकाबले प्रदर्शन फीका

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म का बजट लगभग 120 से 150 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है. इस हिसाब से अब तक की कमाई को संतोषजनक नहीं कहा जा सकता. लागत निकालने के लिए आने वाले दिनों में मजबूत उछाल की जरूरत होगी.

फिलहाल सिनेमाघरों में बड़ी फिल्मों की कमी है और 19 मार्च 2026 तक कोई बड़ा रिलीज शेड्यूल नहीं है. ऐसे में ओ रोमियो के पास कमाई बढ़ाने का अवसर है. हालांकि मौजूदा रुझान को देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि फिल्म अपने बजट को पार कर पाएगी या नहीं.

तारीफ मिली लेकिन दर्शक कम

फिल्म को समीक्षकों से मिले जुले से सकारात्मक रिव्यू मिले हैं. कई आलोचकों ने पहले हिस्से को रोचक बताया, जबकि दूसरे हिस्से को थोड़ा लंबा और अनुमानित कहा. एक्शन और संगीत की सराहना की गई है. शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की अदाकारी को भी काफी पसंद किया गया है. निर्देशक विशाल भारद्वाज के साथ शाहिद की यह चौथी फिल्म है. इससे पहले वे कमीने, हैदर और रंगून में साथ नजर आ चुके हैं.

इसके बावजूद अच्छी समीक्षाएं सिनेमाघरों में बड़ी भीड़ खींचने में सफल नहीं रहीं. दर्शकों की संख्या उम्मीद से कम रही, जिसका सीधा असर फिल्म की कमाई पर पड़ा है. आने वाले दिनों में यह देखना होगा कि वीकेंड पर फिल्म को कितना फायदा मिल पाता है.