पहले मारपीट... फिर काटे बाल और पोती कालिख, अलीगढ़ में युवक के साथ अमानवीय सलूक; 6 गिरफ्तार
अलीगढ़ के अकराबाद क्षेत्र के दुभिया बंजारा गांव में एक युवक पर अपनी बहन की देवरानी से संबंध होने का आरोप लगाकर मारपीट करने और उसका बाल काटकर मुंह काला कर गांव में घुमाने का मामला सामने आया है.
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक युवक के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार करने का मामला सामने आया है. अकराबाद क्षेत्र के दुभिया बंजारा गांव में युवक पर अपनी बहन की देवरानी से संबंध होने का आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट की गई. आरोप है कि उसके सिर के आधे बाल काट दिए गए और मुंह काला कर उसे गांव में घुमाया गया.
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पुलिस के अनुसार, खैर निवासी युवक ने शिकायत में बताया कि 24 सितंबर को करीब 11:30 बजे उसकी बहन ने फोन कर उसे दुभिया बंजारा स्थित अपनी ससुराल बुलाया था. वहां पहुंचने के बाद उस पर बहन की देवरानी के साथ संबंध होने का आरोप लगाया गया.
आरोप है कि इसके बाद युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई. युवक का दावा है कि आरोपियों ने उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया और उसके सिर के आधे बाल काट दिए.
Also Read
- 18 दिन की जांच में बदली कहानी, बहू शालू को फंसाने के आरोपों की खुली परतें; पुलिस ने तैयार की फाइनल रिपोर्ट
- यूपी की कोर्ट के भीतर शख्स ने पत्नी को बाल पकड़कर बुरी तरह पीटा, वीडियो वायरल होने पर दो गिरफ्तार
- मदरसों की मान्यता और अनुदान पर बड़ा सवाल! बाराबंकी से आजमगढ़ तक कैसे सामने आया फर्जीवाड़े का जाल?
मुंह काला कर गांव में घुमाने का आरोप
युवक ने आरोप लगाया कि उसके मुंह पर कालिख पोती गई और उसे गांव में घुमाया गया. विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई. युवक के मुताबिक, उसके बहन की देवरानी के साथ करीब तीन साल से संबंध हैं. घटना के दौरान किसी ने वीडियो बना लिया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की.
छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा
पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उमेश, जोगेंद्र, ऋषिपाल, अनीता, शकुंतला और फूंदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इंस्पेक्टर पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. पुलिस वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.