कौन हैं मोहित उल्वा? अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत को जीत दिलाकर बने हीरो

भारत के युवा बल्लेबाज मोहित उल्वा ने पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप फाइनल में 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाकर आखिरी गेंद पर भारत को चैंपियन बनाया.

X
Sagar Bhardwaj

भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप का फाइनल मुकाबला शनिवार को मस्कट में खेला गया. इस रोमांचक मैच में भारतीय टीम ने एक विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया. भारत की इस ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े हीरो 18 वर्षीय बल्लेबाज मोहित उल्वा रहे. उन्होंने ऐसे समय पर मोर्चा संभाला, जब भारतीय टीम हार के करीब पहुंच चुकी थी.

मोहित उल्वा ने दसवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 26 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए. उनकी पारी में पांच चौके और तीन छक्के शामिल रहे. भारत को आखिरी गेंद पर जीत के लिए तीन रन चाहिए थे. मोहित ने गेंद को वाइड लॉन्ग ऑफ की दिशा में खेलकर बाउंड्री पार पहुंचा दिया और भारत को एक विकेट से जीत दिला दी. इसके बाद वह तिरंगा ओढ़कर मैदान में जश्न मनाते नजर आए.

जब भारत ने लगभग गंवा दिया था मैच

भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 37वें ओवर में 252 रन पर आठ विकेट गंवा चुकी थी. इसी दौरान अन्वय द्रविड़ रन आउट हो गए. अब भारत को जीत के लिए 86 रन बनाने थे, जबकि उसके पास सिर्फ दो विकेट बचे थे. पाकिस्तान को जीत के लिए केवल दो विकेट की जरूरत थी.


ऐसे मुश्किल समय में मोहित उल्वा को मनाल चौहान का साथ मिला. दोनों बल्लेबाजों ने नौवें विकेट के लिए 57 रन की अहम साझेदारी की. मनाल ने इसमें 47 रन का योगदान दिया. हालांकि, 48वें ओवर में मनाल का विकेट गिरने से भारत की मुश्किलें फिर बढ़ गईं.

इसके बाद मोहित ने चिगुरुपति वेंकट के साथ मिलकर मोर्चा संभाला. दोनों ने बिना विकेट गंवाए 29 रन जोड़े और भारत को आखिरी ओवर तक पहुंचा दिया. अब जीत के लिए आठ रन चाहिए थे और पाकिस्तान को सिर्फ एक विकेट की तलाश थी.

आखिरी ओवर में ऐसे पलटी बाजी

पाकिस्तान की ओर से आखिरी ओवर फेंकने आए अहमद हुसैन ने पहली ही गेंद पर गुगली डालकर मोहित को चकमा दे दिया. विकेटकीपर ने स्टंपिंग की कोशिश भी की, लेकिन मोहित ने समय रहते अपना पैर क्रीज के अंदर वापस खींच लिया.

इसके बाद उन्होंने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए सिंगल लिए और आखिरी गेंद पर जीत का समीकरण तीन रन तक पहुंचा दिया. अंतिम गेंद पर मोहित आगे बढ़े और गेंद को वाइड लॉन्ग ऑफ की ओर खेल दिया. गेंद एक बार जमीन पर टप्पा खाने के बाद बाउंड्री पार चली गई. इस चौके के साथ ही भारत ने एक विकेट से मुकाबला जीत लिया.

कौन हैं मोहित उल्वा?

मोहित उल्वा गुजरात के जामनगर के रहने वाले हैं. उन्होंने कोच महेंद्रसिंह चौहान के मार्गदर्शन में क्रिकेट बंगला अकादमी में प्रशिक्षण लिया है. इस अकादमी का जुड़ाव भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा से भी रहा है. जडेजा को भी महेंद्रसिंह चौहान ने क्रिकेट की शुरुआती ट्रेनिंग दी थी.

18 वर्षीय मोहित भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा हैं और लंबे तथा छोटे दोनों प्रारूपों में खेल चुके हैं. उन्होंने 2026 में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ यूथ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था. अपने पहले ही टेस्ट में उन्होंने शानदार 92 रन बनाए थे. इसके अलावा वह श्रीलंका के खिलाफ अंडर-19 सीमित ओवरों की सीरीज में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.

पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में उनकी पारी उनके युवा क्रिकेट करियर का सबसे यादगार प्रदर्शन साबित हो सकती है. जिस खिलाड़ी से निचले क्रम में कुछ रनों की उम्मीद थी, उसने मुश्किल समय में मैच का रुख ही बदल दिया.

पाकिस्तान ने खड़ा किया था 337 रन का बड़ा स्कोर

फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने भारत के सामने 338 रन का लक्ष्य रखा था. पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने 111 गेंदों पर 107 रन की शानदार पारी खेली. वहीं, अब्दुल कादिर ने सिर्फ 54 गेंदों में 80 रन बनाए. कप्तान फरहान यूसुफ ने भी 60 गेंदों पर 63 रन का योगदान दिया.

एक समय पाकिस्तान का स्कोर 40 ओवर में तीन विकेट पर 274 रन था और टीम 350 से ज्यादा रन बनाती दिख रही थी. हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी 10 ओवर में शानदार वापसी की और 63 रन देकर छह विकेट हासिल कर लिए. इससे पाकिस्तान की टीम 50 ओवर में नौ विकेट पर 337 रन ही बना सकी. भारत की ओर से काव्या पटेल ने चार विकेट झटके, जबकि चिगुरुपति वेंकट को तीन सफलताएं मिलीं.

भारत ने कैसे हासिल किया 338 रन का लक्ष्य?

338 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने अच्छी शुरुआत दिलाई. लक्ष्य ने 80 रन बनाए, जबकि आर्यवीर के बल्ले से 58 रन निकले. इन दोनों की पारियों ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.

हालांकि, पाकिस्तान के गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर मुकाबले को फिर अपनी तरफ मोड़ दिया. इसके बाद मनाल चौहान ने 47 रन बनाकर भारत की उम्मीदें कायम रखीं. अंत में मोहित उल्वा ने निचले क्रम में शानदार बल्लेबाजी करते हुए असंभव दिख रही जीत को हकीकत में बदल दिया. भारत ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 339 रन बनाकर एक विकेट से मुकाबला जीत लिया और अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया.